अवैध हथियार और गोली के साथ बाइक सवार अपराधकर्मी गिरफ्तार, एक साथी फरार - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

12 सितंबर 2026

अवैध हथियार और गोली के साथ बाइक सवार अपराधकर्मी गिरफ्तार, एक साथी फरार

मधेपुरा: अपराध नियंत्रण एवं सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा गोली और पल्सर 220 मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं, उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की शाम सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पल्सर 220 मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधकर्मी भेलवा गोढ़ियारी गांव से साहुगढ़ की ओर जाने वाले हैं. सूचना थी कि उनके पास अवैध हथियार है और वे किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वरीय अधिकारियों को जानकारी देते हुए साहुगढ़ नहर के पास वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान लाल-काले रंग की पल्सर 220 पर सवार दो युवक भेलवा गोढ़ियारी की ओर से आते दिखे. पुलिस जांच देखकर दोनों बाइक घुमाकर भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा. 
गिरफ्तार युवक की पहचान सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र स्थित रौता बंशी वार्ड नंबर-7 निवासी श्याम सुंदर यादव के पुत्र ब्रजेश कुमार (20) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई. हथियार को अनलोड करने पर उसमें एक जिंदा गोली मिली. इस मामले में सदर थाना में कांड संख्या 930/26, दिनांक 11 सितंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. कार्रवाई में थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मो. रिजवान अहमद सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages