ईओ तान्या कुमारी के कार्यकाल में कथित अनियमितताओं का आरोप, जांच की मांग - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

12 सितंबर 2026

ईओ तान्या कुमारी के कार्यकाल में कथित अनियमितताओं का आरोप, जांच की मांग

मधेपुरा: नगर परिषद मधेपुरा की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी के तीन वर्षों से अधिक समय से पद पर बने रहने और उनके कार्यकाल में कथित अनियमितताओं को लेकर संवेदक अमित कुमार एवं समाजसेवी दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री से शिकायत की है. शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यकाल में हुई विभिन्न निविदाओं, योजनाओं एवं भुगतान की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. शिकायत में कहा गया है कि तान्या कुमारी का पदस्थापन जुलाई 2023 में नगर परिषद मधेपुरा में हुआ था. शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि उनके कार्यकाल में शहर में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताएं हुईं और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठते रहे. निविदाओं में मनमानी, संवेदकों पर दबाव बनाने तथा योजनाओं में मनमाने तरीके से संवेदकों के चयन जैसे आरोप भी लगाए गए हैं. 
पत्र में नगर परिषद के कंप्यूटर ऑपरेटर मानव कुमार कृष्णमूर्ति एवं क्लर्क दीपक कुमार की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई है. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि दोनों कर्मी लंबे समय से नगर परिषद में पदस्थापित हैं और कार्यपालक पदाधिकारी के करीबी बताए जाते हैं. शिकायतकर्ताओं ने कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यकाल में हुई सभी निविदाओं एवं योजनाओं की उच्चस्तरीय जांच के साथ संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों की संपत्ति की भी जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि तीन वर्ष से अधिक समय से पद पर बने रहने के बावजूद कार्यपालक पदाधिकारी का तबादला नहीं होना भी जांच का विषय है. शिकायत की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, आर्थिक अपराध इकाई, नगर विकास एवं आवास विभाग, निगरानी विभाग तथा जिलाधिकारी मधेपुरा समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है. 

(रिपोर्ट:- सुनीत साना) 

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages