सारी सुविधाओं से लैस होगा जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

Post Top Ad

6 मार्च 2020

सारी सुविधाओं से लैस होगा जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज

मधेपुरा
मधेपुरा में लगभग 800 करोड़ की लागत से बनकर तैयार जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज अस्पताल का कल 07 मार्च रोज शनिवार को सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सुशील मोदी और बिहार सरकार के कई क्षेत्रीय मंत्री सहित स्थानीय प्रतिनिधि शामिल होंगे.
                         उद्घाटन के बाद विशाल पंडाल में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सभा को सम्बोधित करेंगे, जहां मंच पर डिप्टी सीएम सुशील मोदी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव, विधि सह लघु सिंचाई मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, और अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री डॉ. रमेश ऋषिदेव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित होंगें. इस पंडाल में करीब 500 लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं. इस मेडिकल कॉलेज को बिहार का सबसे आधुनिक और सबसे बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर का मेडिकल कॉलेज माना जा रहा है.
                 दरअसल मधेपुरा जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सिंहेश्वर प्रखंड अंतर्गत सबैला स्थित 25 एकड़ की भूमि में फैला है. इस कॉलेज का शिलान्यास वर्ष 2014 में किया गया था. इस मेडिकल कालेज के निर्माण की जिम्मेदारी देश के प्रतिष्ठित निर्माण कंपनी एल एंड टी को दिया गया था जिसने इसे बनाया है. मेडिकल कॉलेज का डिजाइन तैयार करने वाले आर्किटेक्ट फैज अहमद की माने तो यह परिसर वैश्विक स्तर का है जिसे स्थानीय लोगों की उपयोगिता के मुताबिक बनाया गया है.
                                   पूरा परिसर ग्रीन बिल्डिंग के मानकों पर खरा उतरता है. इसे इस मानक के लिए भारत और आस्ट्रेलिया की संस्था द्वारा पुरस्कृत भी किया जा चुका है. पूरे परिसर को इनर्जी इफिसियेंट बनाया गया है. कॉलेज के आर्किटेक्ट फैज अहमद की माने तो परिसर के डिज़ाइन और सुविधाओं के कारण यहाँ 42 प्रतिशत कम उर्जा की खपत होगी. उन्होंने बताया कि परिसर में अपना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया गया है.
                    इतना हीं नहीं जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज के आर्किटेक्ट फैज अहमद बताते हैं कि प्राकृतिक आपदा के समय सबसे ज्यादा जिम्मेदारी अस्पताल पर होती है. लेकिन वो भी उस वक्त आपदा से जूझ रहा होता है इस लिए इस जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज को भूकंप रोधी भी बनाया गया है जो 8 रिक्टर तीव्रता वाले भूकंप को भी झेलने में सक्षम होगा. वहीं परिसर में बने भवनों में 26,500 मीट्रिक टन स्टील का प्रयोग किया गया है और इसके डिजाइन को आईआईटी दिल्ली ने भी स्वीकृति प्रदान की है.
                             मधेपुरा जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज अस्पताल में यदि सुविधाओं की बात की जाय तो 500 बेड के अतिरिक्त 95 बेड का ट्रोमा सेंटर, आईसीयू आदि मौजूद है. यहाँ 10 आधुनिक ऑपरेशन थियेटर की भी व्यवस्था है. इतना हीं नहीं एमआर आई, सीटी स्केन, अल्ट्रासाउंड आदि अत्याधुनिक मशीनें भी लगायी गयी हैं. मेडिकल कॉलेज परिसर में ही मरीजों के परिवार वालों के लिए 100 बेड की सभी सुविधाओं से लैश धर्मशाला भी बनाया गया है.
                मेडिकल कॉलेज अस्पताल की सुविधा और इन्फ्रास्ट्रक्चर को देखकर बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभागीय प्रधान सचिव संजय सिंह भी इसे सूबे का सबसे बड़ा उम्दा मेडिकल कॉलेज अस्पताल मानते हैं. बहरहाल स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में उपेक्षित रहे मधेपुरा समेत कोसी और सीमांचल के पौने दो करोड़ लोगों के लिए यह मेडिकल कॉलेज अस्पताल किसी वरदान से कम नहीं है. यहाँ अक्सर देखा जाता रहा है कि यदि इलाके में कोई बड़ी दुर्घटना जाती है तो दुर्घटना के शिकार सीरियस मरीजों को डीएमसीएच दरभंगा, पीएमसीएच पटना और बड़े निजी अस्पताल सिलीगुड़ी रेफर कर दिया जाता है.

                             इस दौरान कई मरीज तो रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं या फिर कई मरीज बाहर जाने में असमर्थ होते हैं. ऐसे में इस मेडिकल कॉलेज अस्पताल से कोशी इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. अस्पताल सेवा शुरू होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव आशान्वित हैं कि इस बार मधेपुरा जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी.
(रिपोर्ट:- गरिमा / फोटोग्राफ:- दिलखुश) 

Post Bottom Ad

Pages