डेस्क: बुधवार को राष्ट्रीय कला मंच व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रकल्प के द्वारा बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं खेल मंत्री डॉक्टर आलोक रंजन को कला संस्कृति से संबंधित विषयों पर जिला संयोजक रोहित झा एवं मुरारी मयंक के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया. मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुरारी मयंक ने मंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि बिहार सरकार के द्वारा बिहार में कला साहित्य को बढ़ावा देने के लिए 'विद्यापति स्कॉलरशिप योजना" कम से कम 2 या 3 साल के लिए शुरू करनी चाहिए ताकि बिहार के मेधावी कलाकारों को आर्थिक मदद मिल सके और उन स्कॉलरशिप के जरिए वो कला के क्षेत्र में देशभर में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकें.
वही राष्ट्रीय कला मंच प्रकल्प के जिला संयोजक रोहित झा ने अपने ज्ञापन के माध्यम से मंत्री का कोरोना काल में उनके विभाग के द्वारा दिया जाने वाला कलाकारों को प्रोत्साहन राशि संबंधित विषय पर सुधार करने का आग्रह करते हुए कहा कि इस राशि को तत्काल बढ़ाया जाए और इसका चयन का आधार जिलावार हो. बिहार में लोकगीत एवं लोक नृत्य का काफी पुराना सांस्कृतिक विरासत रहा है, लेकिन सरकार के द्वारा इसे सहेजने की कोई भी योजना नहीं है, जिस कारण यह धीरे-धीरे नई पीढ़ी में खत्म होती जा रही है.
इसे सहेजने के लिए बिहार सरकार को कम से कम नवमी कक्षा तक अनिवार्य विषय के रूप में लोकगीत एवं लोक नृत्य को शामिल करना चाहिए, ताकि सभी छात्र छात्राओं को बिहार के क्षेत्रीय भाषा के लोकगीत एवं लोक नृत्य कम से कम आनी चाहिए ताकि वह देश विदेश में अपने बिहारी अस्मिता को लोकगीत एवं लोक नृत्य के माध्यम से प्रदर्शित कर बिहार का नाम रोशन कर सकें. इस ज्ञापन पर विचार करते हुए मंत्री डॉ रंजन ने कहा कि निश्चित रूप से बिहार में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं जिस पर सरकार लगातार काम कर रही है.
बिहार में कला विश्वविद्यालय की स्थापना से बिहार के अंदर प्रतिभावान लोगों को मौका मिलेगा जिसके लिए सरकार सतत रूप से काम कर रही है. साथ ही साथ विभाग के द्वारा कोरोना काल में कलाकारों को प्रोत्साहन राशि देने का उद्देश यह भी है कि उनका एक बिहार स्तर पर डेटाबेस तैयार किया जा सके ताकि उसके आधार पर आगे कला एवं साहित्य के क्षेत्र में और बेहतरीन अवसर प्रदान करने के लिए योजना बनाई जा सके. उन्होंने यह भी जानकारी देते हुए बताया जो कोई भी अपना वीडियो विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के निर्देश अनुसार अपलोड करेगा उन सभी कलाकारों प्रोत्साहन स्वरुप राशि मंत्रालय द्वारा दिया जाएगा और उन सभी वीडियो में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय आने वालों को राशि जो प्रथम द्वितीय एवं तृतीय के लिए विभाग द्वारा घोषित है उन्हें दिया जाएगा.
उन्होंने आगे कहा कि कला संस्कृति विभाग लागातार कलाकारों एवं खेल के क्षेत्रों में प्रतिभावान लोगों को अवसर प्रदान करने के लिए दिन रात सतत रूप से कार्य कर रही है. राशि बढ़ने के संबध में उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा बैठकर इस मुद्दे पर चर्चा की जायेगी ताकि अधिक से अधिक कलाकारों को इसका लाभ मिल सके. इस मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कोशी विभाग संयोजक रोशन कुमार नगर मंत्री पुनीत आनंद नगर सह मंत्री रौनक सिंह जिला सोशल मीडिया प्रमुख मनीष छोटू एमएलटी कॉलेज अध्यक्ष बादल कुमार एसएनएस इस कॉलेज अध्यक्ष कृष्ण कांत गुप्ता मौजूद थे.








