उदाकिशुनगंज: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज नगर परिषद के उपमुख्य पार्षद मिंकी कुमारी की पहल पर नगर की एक बड़ी समस्या का समाधान होने जा रहा है. मिंकी कुमारी ने पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार को एक मांग पत्र सौंपकर नगर की मुख्य समस्याओं से अवगत कराया था, जिसके बाद विभाग ने सोमवार को स्थल का जायजा लिया. मिंकी कुमारी ने अपने पत्र में बताया था कि नगर के मुख्य बाजार में एकमात्र सिंगल लेन/बाय-पास होने के कारण हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आय दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इससे बाजार में आने वाले आमजन और नगर वासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने बैंक चौक से कॉलेज चौक तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण करने की मांग की थी.
जायजा लेने के बाद विभाग द्वारा जल्द ही टेंडर कर निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद जगी है। बता दें कि पहले यह सड़क 12 फीट चौड़ा था, अब इसे 18 फीट चौड़ा किया जाएगा. इस चौड़ीकरण से नगर के मुख्य बाजार में जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है, साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी. नगर वासियों को उम्मीद है कि इस निर्माण कार्य से उनके नगर का विकास होगा और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. उपमुख्य पार्षद मिंकी कुमारी की इस पहल की नगर में काफी सराहना हो रही है.
(रिपोर्ट:- सोनू कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....







