छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़: यूएमआईएस और विश्वविद्यालय प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

Home Top Ad

Post Top Ad

30 मार्च 2026

छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़: यूएमआईएस और विश्वविद्यालय प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप

मधेपुरा: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मधेपुरा ने भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विमलेंदु शेखर झा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया. परिषद का आरोप है कि यूएमआईएस नामक एजेंसी विश्वविद्यालय में छात्रों का आर्थिक शोषण कर रही है और उन्हें कई स्तरों पर शुल्क ले रही है. परिषद के राज्य विश्वविद्यालय कार्य प्रमुख श्री सौरभ यादव ने कहा कि यूएमआईएस के माध्यम से छात्रों का आर्थिक दोहन किया जा रहा है और अगर 2026 में नामांकन प्रक्रिया इसी एजेंसी के माध्यम से होती है तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा. उन्होंने भारत सरकार के समर्थ पोर्टल के माध्यम से नामांकन की मांग की है, जो पूरी तरह से निशुल्क है. श्री यादव ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन भी इस भ्रष्टाचार में शामिल है और जानबूझकर निजी एजेंसी के हाथों छात्रों की भविष्य को गिरवी रखने का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यूएमआईएस के अलावा यश इन्फोटेक नामक एक और एजेंसी भी अवैध उगाही कर रही है और छात्रों का दो बार आर्थिक शोषण कर रही है. 


जिला संयोजक नवनीत सम्राट ने कहा कि कुलपति के क्रियाकलापों से कोई भी अधिकारी खुश नहीं है और उनके कार्यकाल में दो-दो परीक्षा नियंत्रक और कुलसचिव ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुलपति ने विश्वविद्यालय में एक व्यक्ति को कई पदों पर बिठाकर रखा हुआ है और कुछ व्यक्ति को भ्रष्टाचार करने के लिए खुली छूट दे दी है. इस विरोध प्रदर्शन में सूरज कुमार, मिलन, शिल्पी, पूजा, राजेश, नीतीश, बबलू, विवेक, सुमन, मोनिका, रुपा, माही, मधु, साक्षी, आदित्य आदि उपस्थित रहे.

(रिपोर्ट:- मनीष कुमार)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages