मधेपुरा: पिछले कई वर्षो से फरार चल रहे अपराधियों की सूची पुलिस ने तैयार की है. जिनमें 10 टॉप मोस्ट अपराधियों की सूची सार्वजनिक की गयी है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र के रहने वाले कुख्यात अपराधी शामिल हैं. पुलिस ने फरार अपराधियों पर 15 हजार रुपए से लेकर 25 हजार रुपए तक का इनाम घोषित किया है. अपराधियों की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम और उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वालों को इनाम की राशि दी जाएगी. एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले भर के फरार अपराधियों की सूची बनी, उसके बाद इनमे से 7 अपराधियों को टॉप मोस्ट की सूची में शामिल कर सार्वजनिक किया गया. ये अपराधी हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी, ऑर्म्स एक्ट, चोरी समेत अन्य अपराधिक कांडों में शामिल हैं. पुलिस ने 12 माह में 7 अपराधियों की गिरफ्तारी का लक्ष्य रखा है.
एसपी ने बताया कि सर्वाधिक इनाम की राशि कुख्यात अजय यादव एवं राकेश कुमार पर रखी गयी है. हत्या और लूट के मामले में फरार चल रहे मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खिरखिरिया निवासी कुख्यात अजय यादव एवं सदर थाना क्षेत्र के गुलजारबाग वार्ड नंबर 20 निवासी राकेश कुमार पर सबसे अधिक 25 हजार का इनाम रखा गया है. वहीं ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के विशवाडी वार्ड नंबर 4 निवासी सोनू यादव उर्फ बिजली यादव एवं चौसा थाना क्षेत्र के चौसा निवासी मोहम्मद आसिक उर्फ विश्वा पर 20- 20 हजार इनाम घोषित किया गया है. जबकि सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बुढ़ावे वार्ड नंबर 15 निवासी बब्लू कुमार उर्फ बोजली शर्मा, मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी पारस कुमार एवं उदाकिशनगंज थाना क्षेत्र के चौक फूलजा निवासी जनार्दन यादव पर 15- 15 हजार रुपये रखे गए हैं.
एसपी राजेश कुमार प्रभात ने कहा कि पुलिस कार्यालय से 10 टॉप मोस्ट अपराधियों की सूची शामिल 7 अपराधियों की जारी की गयी है. जिलावासियों से अपील की गयी है कि संबंधित अपराधी कहीं भी दिखें, इसकी सूचना दें. अपराधियों के बारे में जानकारी देनेवाले की पहचान गुप्त रखा जाएगा. इनाम की राशि भी प्रदान की जाएगी.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....








