मधेपुरा: सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में जन वितरण प्रणाली विक्रेता संघ के द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में सोमवार को धरना प्रदर्शन किया गया. ज्ञात हो कि अपनी आठ सूत्री मांगों के समर्थन में जन वितरण प्रणाली विक्रेता बीते 1 जनवरी से देशव्यापी हड़ताल पर है. संघ के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित धरना प्रदर्शन में प्रखंड क्षेत्र के विक्रेताओं द्वारा देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई. आयोजित धरना प्रदर्शन में बीते 1 जनवरी से आरंभ हड़ताल को सफल बनाने हेतु महत्वपूर्ण विचार विमर्श किया गया. इसके साथ ही आगामी 16 जनवरी को रामलीला मैदान से संसद भवन तक जाने, मांगों को मनवाने, जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को कम से कम 30 हजार रुपए मासिक मानदेय देने सहित कई अन्य विचारणीय विषयों पर भी गहन रूप से चर्चा की गई. मौके पर सदर प्रखंड सहित सभी प्रखंड के विक्रेताओं ने उपस्थित होकर हड़ताल को सफल बनाने तथा 16 जनवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर अपनी चटानी एकता को दिखाते हुए प्रदर्शन को सफल बनाने हेतु अनुरोध किया गया. मौके पर रवि साह, शेलेंद्र यादव, युगल पटेल, मिथिलेश कुमार सहित भारी संख्या में जनवितरण प्रणाली विक्रेता मौजूद थे.
(रिपोर्ट:- रामानन्द कुमार)









