बिहार स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में मधेपुरा का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते छह पदक - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

3 नवंबर 2026

बिहार स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में मधेपुरा का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते छह पदक

मधेपुरा: पूर्णिया में आयोजित रमेश चंद्र मिश्रा मेमोरियल बिहार स्टेट टेबल टेनिस थर्ड मेजर रैंकिंग टूर्नामेंट-2026 में मधेपुरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक हासिल किए. विभिन्न आयु वर्गों और महिला वर्ग की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया. प्रतियोगिता में मधेपुरा की आराध्या ने अंडर-11 बालिका एवं अंडर-13 बालिका वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर दो पदक अपने नाम किए. वहीं, उत्कर्ष रिगन ने अंडर-11 और अंडर-13 बालक वर्ग में विजेता बनकर दोहरा खिताब हासिल किया. इसके अलावा रियांश राज कौशिश ने अंडर-11 बालक वर्ग तथा रियांशी गुप्ता ने महिला वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया. इस प्रकार मधेपुरा के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और चार कांस्य पदक सहित कुल छह पदक हासिल किए. टीम के प्रदर्शन में मधेपुरा टेबल टेनिस एकेडमी की अहम भूमिका रही. टीम के मार्गदर्शन एवं प्रबंधन में मनीष कुमार (साई प्रमाणित टेबल टेनिस कोच) का महत्वपूर्ण योगदान रहा. टीम मैनेजर अभिजीत कुमार और टीम कोच प्रियांशु कुमार पटेल ने भी खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित किया और उनका मार्गदर्शन किया। खिलाड़ियों की मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन का परिणाम प्रतियोगिता में देखने को मिला. 
इस प्रतियोगिता का आयोजन पूर्णिया जिला टेबल टेनिस संघ की ओर से बिहार टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में किया गया. मंगलवार, 3 नवंबर को पूर्णिया के परोरा स्थित वीवीआरएस ऑडिटोरियम में दोपहर एक बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया. समारोह में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह, पूर्णिया सदर विधायक विजय कुमार खेमका, कसबा विधायक नितेश कुमार सिंह, युवा आइकॉन सुमित सिंह तथा मेरा युवा भारत, पूर्णिया के जिला युवा अधिकारी नीरज कुमार झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. मधेपुरा के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों, अभिभावकों और टेबल टेनिस से जुड़े लोगों में खुशी है. इस सफलता को जिले में खेल प्रतिभाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. मधेपुरा टेबल टेनिस एकेडमी का उद्देश्य जिले के उभरते खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें. खिलाड़ियों की इस सफलता पर खेल प्रेमियों ने सभी पदक विजेताओं के साथ कोच मनीष कुमार, टीम मैनेजर अभिजीत कुमार और टीम कोच प्रियांशु कुमार पटेल को बधाई दी है.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages