उदाकिशुनगंज: नगर परिषद उदाकिशुनगंज की आगामी सशक्त स्थायी समिति की बैठक को लेकर उपमुख्य पार्षद ने शहर के विकास और जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को एजेंडे में शामिल करने की मांग की है। इस संबंध में उपमुख्य पार्षद ने एक प्रस्ताव तैयार कर मुख्य पार्षद को सौंपा है. प्रस्ताव में सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, स्टेडियम के मुख्य द्वार, बस स्टैंड निर्माण, कचरा निस्तारण केंद्र सहित कुल 13 विकास कार्यों और लंबित योजनाओं को उठाया गया है. प्रस्ताव के अनुसार, मुर्गिया टोला से वार्ड संख्या 12 में पिंटू सिंह की जमीन तक पीसीसी सड़क निर्माण तथा वार्ड 12 स्थित विषहरी स्थान में फाइबर ब्लॉक लगाने और सौंदर्यीकरण कराने की मांग की गई है. वहीं, वार्ड संख्या एक में मंटू साह के घर से खुशीलाल साह के घर तक पीसीसी सड़क बनाने का प्रस्ताव रखा गया है. वार्ड संख्या तीन स्थित हाईस्कूल स्टेडियम का मुख्य द्वार निर्माण कराने की भी मांग की गई है. इसके अलावा उदाकिशुनगंज बस स्टैंड निर्माण में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि विभागीय स्वीकृति के बाद अंचल कार्यालय से एनओसी भी मिल चुकी है और विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है. इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होना चिंता का विषय है. कचरा निस्तारण केंद्र और अशोक सम्राट भवन के निर्माण में हो रही देरी पर भी जवाब मांगा गया है. नगर परिषद के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर टेंडर के माध्यम से स्वीकृत शौचालय निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति का मुद्दा भी प्रस्ताव में शामिल है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रथम और द्वितीय किस्त के लाभुकों को समय पर राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई है. संबंधित कर्मियों को लाभुकों के घर जाकर विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार सहायता करने तथा लंबित द्वितीय किस्त का भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा गया है. प्रस्ताव में वार्ड संख्या 20 में वार्ड कार्यालय एवं जनता कार्यालय का निर्माण, बाबा बिशु स्थान के चबूतरे का सौंदर्यीकरण और यात्री शेड निर्माण तथा 30 एमवी तेलडीहा में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने की मांग भी शामिल है. इसके साथ ही गणेश यादव के घर से हजारी देवी की जमीन होते हुए सदन राय के घर तक तथा नारायण ऋषिदेव के घर से विमला देवी के घर तक सड़क निर्माण की मांग की गई है. उपमुख्य पार्षद ने इन सभी योजनाओं पर सशक्त स्थायी समिति की बैठक में गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लेने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया है.
(रिपोर्ट:- सोनू कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










