डेस्क: बैजनाथपुर–सबैला मार्ग पर रात के समय नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने से राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. सहरसा–मधेपुरा सीमा क्षेत्र में रात करीब साढ़े नौ बजे के बाद पुलिस की मौजूदगी नहीं रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं. इससे अपराधियों के हौसले बढ़ने और राहगीरों में भय का माहौल बनने की बात कही जा रही है. गुरुवार की रात सबैला पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर पश्चिम दो अज्ञात अपराधियों द्वारा हथियार का भय दिखाकर टीवी चैनल एवं दैनिक अखबार के पत्रकार सविता नंदन कुमार से लूटपाट का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद रात में इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में ओम चिमनी से मिठाही रेलवे ढाला तथा चकला चौक नहर के आसपास भी रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर असुरक्षा का माहौल बना रहता है. लोगों का कहना है कि इन संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्ती से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है. लोगों का सवाल है कि जब अपराधी रात में हथियार लेकर सड़क पर घूमने का दुस्साहस कर रहे हैं, तो पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था कहां है? लोगों ने कहा कि पुलिस की सक्रियता केवल सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली तस्वीरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सड़क पर भी पुलिस की प्रभावी मौजूदगी नजर आनी चाहिए. क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से बैजनाथपुर–सबैला मार्ग सहित मिठाही क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखने और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि किसी बड़ी वारदात के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से प्रभावी गश्ती व्यवस्था कायम करना जरूरी है.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










