टीपी कॉलेज के 50 प्रशिक्षु छात्र अध्यापक शैक्षणिक परिभ्रमण पर नालंदा रवाना - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

2 नवंबर 2026

टीपी कॉलेज के 50 प्रशिक्षु छात्र अध्यापक शैक्षणिक परिभ्रमण पर नालंदा रवाना

मधेपुरा: टीपी कॉलेज, मधेपुरा के शिक्षा शास्त्र विभाग की ओर से विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय शैक्षणिक परिभ्रमण का आयोजन किया गया। इसके तहत 50 प्रशिक्षु छात्र अध्यापकों का दल बिहार की ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक विरासत के केंद्र राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुआ. महाविद्यालय परिसर से परिभ्रमण दल को प्राचार्य प्रो. कैलाश प्रसाद यादव, अर्थपाल डॉ. रत्नदीप एवं शिक्षा शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. जावेद अहमद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. कैलाश प्रसाद यादव ने कहा कि शैक्षणिक परिभ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. इससे उन्हें कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों और ऐतिहासिक धरोहरों के संदर्भ में समझने का अवसर मिलता है. इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ाने के साथ उनके अनुभव और व्यावहारिक ज्ञान को भी समृद्ध करते हैं. 
उन्होंने कहा कि राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय भारतीय शिक्षा एवं ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है. प्राचीन नालंदा महाविहार विश्व के प्राचीनतम आवासीय शिक्षा केंद्रों में शामिल रहा है, जहां देश-विदेश से विद्यार्थी ज्ञानार्जन के लिए आते थे. इसकी गौरवशाली परंपरा भारतीय दर्शन, शोध, ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संवाद की समृद्ध विरासत को दर्शाती है. आधुनिक नालंदा विश्वविद्यालय भी इसी ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है. तीन दिवसीय परिभ्रमण के दौरान प्रशिक्षु छात्र अध्यापकों को नालंदा की ऐतिहासिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिलेगा. इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति जिज्ञासा, ऐतिहासिक चेतना, शोध की प्रवृत्ति तथा व्यावहारिक समझ विकसित करना है. इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. अमित कुमार, डॉ. कुंदन कुमार सिंह, डॉ. रंजन कुमार, नदीम अहमद अंसारी, सुप्रीता कुमारी, विनीत राज, गौरव चौधरी, मदन मोहन कुमार एवं केएल पटेल सहित 50 प्रशिक्षु छात्र अध्यापक उपस्थित थे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages