मधेपुरा: कला, साहित्य, संगीत एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती के उत्तर बिहार प्रांत में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्वों की घोषणा की गई है. सहरसा स्थित देव रिसॉर्ट में आयोजित प्रांतीय साधारण सभा में राहुल यादव को संस्कार भारती उत्तर बिहार का प्रांत मंत्री एवं अमित कुमार अंशु को मधेपुरा जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई. इन महत्वपूर्ण दायित्वों की घोषणा संस्कार भारती के प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष डा. दिवाकर राय एवं प्रांत महामंत्री सुरभीत दत्त ने की. इस घोषणा के बाद संस्कार भारती के कार्यकर्ताओं, कला एवं साहित्य जगत से जुड़े लोगों तथा मधेपुरा जिले के सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों के बीच खुशी की लहर है. दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं। प्रांतीय साधारण सभा में संगठन के विस्तार, आगामी कार्ययोजनाओं, सांस्कृतिक गतिविधियों को व्यापक स्वरूप देने तथा भारतीय परंपरा व सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. राहुल यादव को उत्तर बिहार प्रांत मंत्री का दायित्व सौंपे जाने को संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. प्रांत मंत्री के रूप में उनकी भूमिका संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण होगी. वहीं अमित अंशु को मधेपुरा जिला संयोजक बनाए जाने से जिले में संगठन की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं व्यवस्थित बनाने की उम्मीद जताई जा रही है. जिले के लिए यह विशेष उपलब्धि मानी जा रही है कि जिले से जुड़े दो कार्यकर्ताओं को प्रांतीय एवं जिला स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली है. इससे जिले में कला, साहित्य, संगीत, नाटक, लोक संस्कृति एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की संभावना है. राहुल यादव ने कहा कि संस्कार भारती का मूल उद्देश्य भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपराओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना व कलाकारों एवं साहित्यकारों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है. बिहार के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोककला, लोकगीत, पारंपरिक संगीत, नाट्य कला और साहित्य की समृद्ध परंपरा रही है. संस्कार भारती के माध्यम से इन विधाओं को प्रोत्साहित करने, स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को पहचान दिलाने व युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की व्यापक संभावना है. राहुल यादव एवं अमित अंशू को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मधेपुरा सहित उत्तर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की अपेक्षा की जा रही है. विशेष रूप से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन, साहित्यिक गोष्ठियों, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों तथा भारतीय पर्व-त्योहारों के सांस्कृतिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किए जाने की संभावना है. सभा में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संस्कार भारती केवल एक संगठन नहीं, बल्कि भारतीय कला, साहित्य, संगीत, नाट्य एवं लोक परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन का एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक मंच है. इसके माध्यम से समाज में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने और स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाता है. इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा संस्कार भारती के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया. उन्होंने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में उत्तर बिहार में सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक व्यापक बनाने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही. संस्कार भारती के प्रांतीय साधारण सभा की घोषणा से उत्तर बिहार में संस्कार भारती की संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है. वहीं राहुल यादव एवं अमित अंशु को मिली नई जिम्मेदारियों को मधेपुरा जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है. राहुल यादव के प्रांत मंत्री अमित अंशु के जिला संयोजक बनने पर डॉ. हेमा कश्यप, मिथुन कुमार गुप्ता, सुधांशु यादव, सुनीत साना, रवि कुमार, मो. आतिफ, मो. फैयाज, नीतीश कुमार, मानवी कामती समेत अन्य कलाकारों ने बधाई दी है.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











