मधेपुरा: खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में सहरसा इंडोर स्टेडियम में प्रमंडलीय स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में टेबल टेनिस स्पर्धा में मधेपुरा जिले के चयनित खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया. प्रतियोगिता में मधेपुरा के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया तथा अलग-अलग वर्गों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की. प्रतियोगिता के दौरान मधेपुरा के खिलाड़ियों के साथ एनआईएस कोच मनीष कुमार मौजूद रहे. उन्होंने खिलाड़ियों को लगातार मार्गदर्शन एवं आवश्यक तकनीकी सहयोग दिया. साथ ही, मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया. प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सहरसा की जिला खेल पदाधिकारी द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया. मधेपुरा के चयनित खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आगामी राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है. अब खिलाड़ी राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान बनाने के लक्ष्य के साथ तैयारी करेंगे. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मधेपुरा के खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं टेबल टेनिस से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. लोगों ने उम्मीद जताई कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी मधेपुरा के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










