सुबह 3 बजे से ही बाबा के भक्तों की लगी रही भीड़, सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

11 मार्च 2021

सुबह 3 बजे से ही बाबा के भक्तों की लगी रही भीड़, सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सिंहेश्वर: बिहारी बाबा के नाम से प्रसिद्ध सिंहेश्वर स्थान में राजकीय नियंत्रण में 1 माह तक चलने वाला महाशिवरात्रि मेला गुरुवार से हर-हर महादेव के जयघोष के बीच शुरू हो गया. पहले दिन सिंहेश्वर स्थित मनोकामना लिंग पर सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधक ने सुबह 3 बजे ही मंदिर का द्वार खोल दिया. भक्तों ने पूरे दिन आशुतोष का जलाभिषेक किया.

मंदिर परिसर समेत नगर में पुरे दिन भक्ति का माहौल रहा. बाबा के भक्ति गीतों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा. बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है... के जय घोष और उगना रे मोर कटे गेला के करुण स्वर से ऐसा लग रहा था मानो उगना के वेश में शिव स्वयं साक्षात प्रकट हो रहे हैं. महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में जगह- जगह मजिस्ट्रेट और पुलिस की टीमें लगाई गई है.
कोरोना के मद्देनजर मेला उद्घाटन नहीं होने का लोगों में रोष भी रहा. महाशिवरात्रि पर बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला बुधवार से ही आरंभ हो गया था. सुबह होते- होते शिवरात्रि के दिन पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर चुका था. हर ओर हर हर महादेव की जय घोष की आवाज गूंजने लगी. आसपास के जिलों सहित नेपाल के तराई इलाके के साथ-साथ कई राज्य के लोग जलाभिषेक को सिंहेश्वर पहुंचे. 

एसडीओ नीरज कुमार, एसडीपीओ अजय नारायण यादव, वीडियो राजकुमार चौधरी, थानाध्यक्ष रणवीर कुमार के साथ साथ भारी संख्या में पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद दिखे. मंदिर न्यास समिति द्वारा मिली जानकारी अनुसार उत्तर बिहार के प्रसिद्ध सिंहेश्वर नाथ मंदिर में शुक्रवार को जलढरी के मौके पर देर रात ही मंदिर का पट खोल दिया जाएगा. इस दौरान भारी संख्या में बाबा के जलाभिषेक को श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है.

महाशिवरात्रि के मौके पर सिंहेश्वर नाथ कि बारात धूमधाम से निकाली गई. गाजे-बाजे और भूत प्रेत के भेस में बाबा के निराले भक्त बारात में शामिल हुए. बाबा की बारात निकलने से पूर्व बाजार में दुकानदारों ने अपने-अपने घरों के आगे साफ-सफाई और पानी का छिड़काव किया. सिंहेश्वर स्थान में निकली बाबा के बारात में स्कूली बच्चे भी आकर्षक झांकी के साथ बारात में शामिल हुए. वहीं स्थानीय लोगों द्वारा भी भूत प्रेत बन कर बाबा के बारात को आकर्षक बनाया.
मंदिर परिसर से बारात निकलते ही पूरा सिंहेश्वर हर हर महादेव के साथ भक्तिमय के माहौल से गुंजायमान हो गय. बाबा के बारात में हजारों लोग शामिल हुए. बारात की अगुवाई में दर्जनों घुड़सवार भी शामिल रहे. बारात मंदिर प्रांगण से निकलकर मेन रोड होते हुए पुरानी बैंक रोड होते हुए गौरीपुर स्थित मां गौरी के दरबार पहुंचे. जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. 

श्री सिंहेश्वर बाबा के बारात के स्वागत को माड़वारी संघ के द्वारा शर्मा चौक पर लस्सी, पानी, अबीर- गुलाल और फुल कि वर्षा कर किया गया. जबकि मां गौरी मंदिर समिति ने गौरीपुर में ठंडई और फल के साथ बारातियों का स्वागत किया. 


पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages