नृत्य कार्यशाला में बच्चों ने सीखी वेस्टर्न डांस की बारीकियां - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

8 अक्टूबर 2026

नृत्य कार्यशाला में बच्चों ने सीखी वेस्टर्न डांस की बारीकियां

मधेपुरा: नगर भवन टाउन हॉल में नृत्यशाला डांस स्टूडियो एवं लेट्स इंस्पायर बिहार के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय नृत्य कार्यशाला एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एडीएम आपदा अरुण कुमार सिंह, बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार अमर, ब्रजेश ऑटोमोबाइल के स्नेहांशु शेखर, राहुल राज रीगन, कुमार अभिषेक एवं किट्टू राय सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यशाला के पहले दिन प्रतिभागी बच्चों को प्रसिद्ध नृत्य प्रशिक्षक फ्लोरिना गोगोई ने वेस्टर्न डांस की विभिन्न तकनीकों एवं बारीकियों की जानकारी दी. उन्होंने बच्चों को नृत्य की मूल तकनीक, बॉडी मूवमेंट, एक्सप्रेशन, स्टेप्स, तालमेल तथा मंच पर प्रस्तुति के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण टिप्स दिए. कार्यशाला के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नृत्य की विभिन्न विधाओं एवं तकनीकों को सीखने का अवसर प्राप्त किया. 
कार्यशाला के दूसरे दिन प्रशिक्षण में शामिल बच्चों के बीच नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बेहतर प्रदर्शन के आधार पर दीपक ठाकुर ने प्रथम, जूही सिंह ने द्वितीय एवं सृष्टि भारती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेता प्रतिभागियों को आयोजकों की ओर से नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में फ्लोरिना गोगोई, विनय बनर्जी एवं विपुल बनर्जी शामिल रहे. निर्णायकों ने प्रतिभागियों के नृत्य कौशल, मंचीय प्रस्तुति, तालमेल, भाव-भंगिमा एवं प्रदर्शन के विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन करने के बाद परिणाम घोषित किया. 
कार्यक्रम का मंच संचालन पृथ्वीराज यदुवंशी और साहिल राज ने संयुक्त रूप किया. आयोजन को सफल बनाने में वकील वाका, रितिक, प्रेम, किशन, रोशन, फरहान, हर्ष साहू, अभिषेक, अमर, राजवीर, श्रेष्ठ, सिद्धार्थ सहित नृत्यशाला डांस स्टूडियो एवं लेट इंस्पायर बिहार के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं एवं प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में छिपी नृत्य प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है. नियमित प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपनी कला को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages