मधेपुरा: जिला सांख्यिकी पदाधिकारी (डीएसओ) के निर्देश के आलोक में मुरलीगंज प्रखंड एवं नगर पंचायत क्षेत्र में कार्यरत अथवा पूर्व में कार्य कर चुके मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवकों (एएसवी) से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला सांख्यिकी कार्यालय को भेज दी गई है. गुरुवार को मुरलीगंज प्रखंड के कुल 45 मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवकों की सूची प्रखंड कार्यालय की ओर से जिला सांख्यिकी कार्यालय, मधेपुरा को भेजी गई. इस संबंध में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी (बीएसओ) कृष्णकांत चौधरी ने बताया कि मुरलीगंज प्रखंड एवं नगर पंचायत मुरलीगंज के कुल 45 एएसवी की सूची प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गोपाल कृष्ण के हस्ताक्षर से जिला सांख्यिकी कार्यालय को भेज दी गई है. सूची भेजे जाने के बाद मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवकों ने खुशी व्यक्त करते हुए प्रखंड प्रशासन के प्रति आभार जताया. बताया गया कि अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार के निदेशक डॉ. नुरुल हक सिवानी ने 17 सितंबर 2026 को राज्य के सभी जिला सांख्यिकी पदाधिकारियों को पत्र भेजकर मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवकों द्वारा प्राप्त प्रशिक्षण एवं किए गए कार्य से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था. इसी निर्देश के आलोक में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पत्र भेजकर उनके प्रखंड में कार्यरत अथवा पूर्व में कार्य कर चुके प्रशिक्षित सांख्यिकी स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण, किए गए कार्य, कार्य अवधि, भुगतान सहित अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया था. इसी क्रम में मंगलवार को मुरलीगंज प्रखंड के दर्जनों एएसवी प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे. स्वयंसेवकों ने बीडीओ एवं बीएसओ से मुलाकात कर निर्धारित जानकारी एवं सूची जिला सांख्यिकी कार्यालय को भेजने का आग्रह किया था. इसके बाद गुरुवार को 45 एएसवी की सूची जिला कार्यालय भेज दी गई. मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवकों ने बताया कि वर्ष 2012-13 में उन्होंने आर्थिक गणना के कार्य में सांख्यिकी स्वयंसेवक के रूप में योगदान दिया था. इसके लिए उन्हें कला भवन, मुरलीगंज में प्रशिक्षण भी दिया गया था। आर्थिक गणना एवं जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य पूरा होने के बाद एएसवी के पैनल एवं भविष्य में कार्य लिए जाने से संबंधित मामला लंबे समय तक विभागीय स्तर पर लंबित रहा. स्वयंसेवकों का कहना है कि वे समय-समय पर अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष रखते रहे हैं. हाल के दिनों में सांख्यिकी विभाग के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा द्वारा मामले की संचिका पर गंभीरता से संज्ञान लिए जाने के बाद मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवकों का विस्तृत ब्योरा मांगा गया है. इसमें प्रशिक्षण, किए गए कार्य, कार्य अवधि, भुगतान समेत अन्य आवश्यक जानकारी शामिल है. स्वयंसेवकों का कहना है कि विभाग की ओर से दोबारा विस्तृत जानकारी मांगे जाने से लंबे समय से लंबित मामले को लेकर उनमें उम्मीद जगी है. अब वे विभागीय स्तर पर आगे होने वाली कार्रवाई और निर्णय का इंतजार कर रहे हैं. मौके पर मिथिलेश कुमार, सारंग तनय, सौरभ कुमार, गुणानंद कुमार, अजित कुमार, सुमन कुमार, जितेंद्र साह, संजीव कुमार, मनीष कुमार, सतीश कुमार, विक्रम कुमार, राजीव कुमार, मनीष कुमार सहित अन्य मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवक मौजूद थे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











