स्कूल के बाहर छात्रों के विवाद का वीडियो वायरल, पुलिस ने बताया पूरा मामला - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

24 सितंबर 2026

स्कूल के बाहर छात्रों के विवाद का वीडियो वायरल, पुलिस ने बताया पूरा मामला

एसपी डॉ. संदीप सिंह 
मधेपुरा: जिले के उदाकिशुनगंज में छात्र-छात्राओं के आपसी विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद स्थिति स्पष्ट की है. गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एसपी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो 22 सितंबर 2026 का है और उदाकिशुनगंज स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक (10+2) विद्यालय के बाहर का है. पुलिस के अनुसार, विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी. प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं घर जा रहे थे. इसी दौरान विद्यालय के बाहर सड़क किनारे एक युवक मोटरसाइकिल लगाकर खड़ा था. विद्यालय के कुछ नाबालिग छात्रों को उसके किसी छात्रा से मिलने आने का संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने युवक से पूछताछ शुरू कर दी. इसी दौरान अन्य छात्र-छात्राएं भी वहां पहुंच गए और आपस में बहस होने लगी. 
सूचना मिलने पर विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे और सभी छात्र-छात्राओं को समझाकर वहां से हटा दिया. पुलिस के सत्यापन में इस दौरान छेड़खानी अथवा किसी अन्य अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है. एसपी ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा भ्रम फैलाने के उद्देश्य से वीडियो को गलत तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है. वीडियो में दिख रहे सभी नाबालिग बच्चों की पहचान कर उनके परिजनों को नोटिस दिया गया है तथा किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) के तहत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने यह भी बताया कि वीडियो को गलत मंशा से सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages