मधेपुरा: जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनापट्टी में सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कवायद शुरू की गई. बताया जाता है कि मुरहो जाने वाली मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप और स्विफ्ट डिजायर कार आमने-सामने आ गईं. दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और पिकअप के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना तत्काल मुरलीगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अकमल हुसैन पुलिस बल और एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है.फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है. दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट डिजायर कार का रजिस्ट्रेशन नंबर JH 10 CG 4526 बताया गया है, जबकि बोलेरो पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर की जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है. घटना के बाद पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस घायलों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










