ग्वालपाड़ा: थाना क्षेत्र के श्याम दरगाह के पास 18 अक्टूबर को हुए अमरनाथ मंडल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पत्नी के अवैध संबंध का विरोध करने पर दोस्त ने ही अन्य बदमाशों के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसकी जानकारी उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने रविवार को प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने बताया कि मृतक के पिता मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बेलो निवासी सुबोध मंडल ने ग्वालपाड़ा थाना में चार नामजद समेत अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था. इस मामले में पतरघट निवासी संतोष यादव, परसी झिटकिया वार्ड एक निवासी अभिलाषा देवी, सौरभ कुमार एवं दिनेश मंडल को आरोपी बनाया गया था. पुलिस ने इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
परिजनों के मुताबिक बेलो वार्ड आठ निवासी सुबोध मंडल का बेटा अमरनाथ मंडल 17 अक्टूबर को अपनी बहन कंचन देवी को पहुंचाने के लिए सिमराही जा रहा था. मधेपुरा पहुंचने पर उसे पतरघट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर से दोस्त संतोष यादव का फोन आया. जिसके बाद वह अपनी बहन कंचन देवी को मधेपुरा में बस पर बैठाकर पहाड़पुर अपने दोस्त घर चला गया. शाम में अमरनाथ की पिता से बात हुई तो उसने सुबह में घर आने की बात कही. इसी बीच रात में उसकी हत्या कर दी गई. एसडीपीओ ने बताया गया कि संतोष यादव का अमरनाथ मंडल की पत्नी अभिलाषा देवी से अवैध संबंध चल रहा था. जिसका अमरनाथ मंडल विरोध कर रहा था. 17 अक्टूबर की रात संतोष यादव ने अमरनाथ मंडल को पहाड़पुर बुलाया और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडा से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी. परिजनों के मुताबिक अमरनाथ मंडल की दो शादी हुई थी. पहली शादी 14 साल पूर्व खगड़िया जिले में हुई थी. इसके बाद उसने परसी झिटकिया निवासी दिनेश मंडल की बेटी अभिलाषा के साथ प्रेम विवाह किया था. पहाड़पुर निवासी आरोपी संतोष यादव का ससुराल भी परसी गांव में ही है. जिस वजह से अमरनाथ और संतोष में दोस्ती हो गई। दोनों एक-दूसरे के घर पर आने-जाने लगे. इसी दौरान अमरनाथ की पत्नी अभिलाषा से संतोष यादव की नजदीकियां बढ़ने लगी और दोनों के बीच अवैध संबंध चलने लगा. इस बात को लेकर कुछ दिन पूर्व अमरनाथ को दूसरी पत्नी से झगड़ा हुआ था. जिसके कारण उनकी दूसरी पत्नी अभिलाषा अपने मायके में रह रही थी.
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पास से एक बाइक, एक मोबाइल और गमछा बरामद हुआ है. सभी आरोपी के आपराधिक इतिहास पता लगाया जा रहा है. छापेमारी दल में ग्वालपाड़ा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान, दारोगा धर्मेंद्र कुमार, हवलदार एचएन सिंह, सिपाही गुड्डू कुमार, जितेंद्र राम समेत अन्य पुलिस बल शामिल थे.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










