मधेपुरा: अपराध पर अंकुश लगाने एवं अवैध आग्नेयास्त्र, मादक पदार्थ और शराब की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 78 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (स्मैक) बरामद किया है. दोनों मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है. पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को सदर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिल पर सवार चार व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर साहुगढ़ गणेश स्थान के रास्ते सहरसा की ओर जाने वाले हैं. सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने साहुगढ़ गणेश स्थान रोड पर पहुंचकर वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान साहुगढ़ की ओर से दो मोटरसाइकिल पर सवार चार लोग गणेश स्थान की ओर आते दिखाई दिए. पुलिस की चेकिंग देखकर दोनों मोटरसाइकिल सवारों ने वापस भागने का प्रयास किया. संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया. पुलिस ने तलाशी के दौरान चारों के पास से कुल 78 ग्राम स्मैक बरामद किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार (31), पिता राजाराम यादव, प्रकाश कुमार (25), पिता सुरेंद्र यादव, विकास ठाकुर (33), पिता सिकंदर ठाकुर तथा साजन कुमार (30), पिता स्व. बिंदेश्वरी यादव के रूप में हुई है. सभी सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने मौके से BR-19O-5556 और BR-43V-9486 नंबर की दो मोटरसाइकिल भी जब्त की है. मामले में मधेपुरा थाना कांड संख्या 911/26, दिनांक 07 सितंबर 2026, धारा 8(c)/21(b) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी टीम में सदर थानाध्यक्ष विमलेन्द्र कुमार, कन्हैया कुमार, मोहन कुमार सिंह, राकेश कुमार सहित तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










