मधेपुरा: पार्वती विज्ञान महाविद्यालय, मधेपुरा में एक अक्टूबर को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार, शपथ, पेंटिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली एवं मानव श्रृंखला कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. मीना कुमारी एवं ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, मधेपुरा की मुख्य संचालिका सह मुख्य अतिथि बीके रंजू दीदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. मीना कुमारी ने बीके रंजू दीदी का अंगवस्त्र, डायरी, पेन एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहे तो शिक्षित, अनुशासित और सकारात्मक सोच के साथ अपने जीवन मूल्यों का विकास कर सकती है. इससे राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित होगी. उन्होंने कहा कि नशा राष्ट्र की उन्नति और प्रगति में बड़ी बाधा है. इसलिए स्वयं जागरूक बनने के साथ दूसरों को भी जागरूक करना जरूरी है. बीके रंजू दीदी ने कहा कि नशा व्यवस्थित जीवन को अस्त-व्यस्त कर देता है और भविष्य को प्रभावित करता है. उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन और उसके दुष्प्रभावों से बचाना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और सक्षम समाज का निर्माण करना है. उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और शैक्षणिक संस्थानों को इसे जन-जागरूकता अभियान के रूप में आगे बढ़ाना होगा. नशे की लत से जूझ रहे लोगों को तिरस्कार या ताने देने के बजाय सही मार्गदर्शन, उपचार और पुनर्वास का सहारा देना चाहिए. जीवन के खालीपन को खेल, योग, संगीत, कला और अच्छे संबंधों से भरने का प्रयास करना चाहिए. अर्थपाल अशोक कुमार पोद्दार, बीके रागिनी रानी एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. ललन कुमार ललन ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशा नहीं करने और स्वस्थ जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई. एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. चंद्रदेव ठाकुर ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि एनसीसी के एनओ डॉ. सुजीत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया. एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया. शिक्षाशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. संजीत कुमार के नेतृत्व में प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने ‘नशा और जिंदगी’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा नशे की लत के शिकार लोगों से घृणा करने के बजाय उनकी मदद करने का संदेश दिया गया. नशा मुक्ति अभियान पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता में शिखा कुमारी ने प्रथम, नंदा कुमारी ने द्वितीय और मौसम कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. अजय अंकोला के मंच संचालन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. हरेकृष्णा, डॉ. श्याम कुमार, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अलानूर, डॉ. सतीश कुमार सिंह, डॉ. रीता कुमारी, बीके दुर्गा दीदी, बीके विनयवर्धन भाई, बीके विजय भाई, बीके महेंद्र भाई, बीके संजयवर्धन सहित एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की. सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











