कार्यपालक पदाधिकारी पर लगे आरोपों को ठेकेदार संघ ने बताया बेबुनियाद - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

29 सितंबर 2026

कार्यपालक पदाधिकारी पर लगे आरोपों को ठेकेदार संघ ने बताया बेबुनियाद

मधेपुरा: नगर परिषद्, मधेपुरा की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी एवं कर्मियों पर लगाए गए आरोपों को लेकर नगर परिषद् के निबंधित संवेदकों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपों को भ्रामक, तथ्यहीन और द्वेषपूर्ण बताया. संवेदकों ने 23 सितंबर को प्रकाशित खबर का खंडन करते हुए कहा कि साजिश के तहत कार्यपालक पदाधिकारी एवं कर्मियों की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है. ठेकेदार संघ ने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी का स्थानांतरण सरकार के स्तर से होता है. उनके कार्यकाल में शहर में कई सड़क-नाला निर्माण कार्यों के साथ सौंदर्यीकरण के लिए लाइट आदि लगाने का काम हुआ है. संघ ने कहा कि शहर के विकास के लिए ऐसे पदाधिकारी की आवश्यकता है. निविदा में मनमानी के आरोप पर संवेदकों ने कहा कि नगर परिषद् में ई-टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से निविदा निकाली जाती है. निविदा के निष्पादन की प्रक्रिया कार्यपालक अभियंता के कार्यालय से होती है. 


कार्यपालक पदाधिकारी की भूमिका कार्यादेश निर्गत करने तक होती है. इसलिए उन पर निविदा में मनमानी का आरोप निराधार है. संघ ने यह भी कहा कि संवेदक अमित कुमार उर्फ बिट्टू द्वारा नगर परिषद् में कराए गए कार्यों का कोई भुगतान लंबित नहीं है. संघ के अनुसार, अन्य संवेदकों को भी कार्य पूरा करने के बाद भुगतान में किसी तरह की कठिनाई नहीं होती है. संघ ने कार्यपालक पदाधिकारी और कर्मियों पर लगाए गए आरोपों की निंदा करते हुए आरोप लगाने वाले संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही. प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुंदन कुमार, अजीत कुमार, राजकुमार यादव, कुमार साहब, मो. असफाक आलम, मिथिलेश कुमार, आलोक कुमार, राकेश रंजन राजा सहित अन्य संवेदक मौजूद थे. 

Post Bottom Ad

Pages