‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

5 अक्टूबर 2026

‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित

मधेपुरा: बिहार शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, मधेपुरा में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, अभिव्यक्ति-कौशल और ‘मेरे सपनों का भारत’ की परिकल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अरुण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी-सर्व शिक्षा रवि शास्त्री, शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य हिमांशु शर्मा, बिहार शिक्षा परियोजना के अपर जिला कार्यक्रम समन्वयक राजीव नंदन सिंह, संभाग प्रभारी सुशील मंडल एवं जिला स्काउट प्रशिक्षण आयुक्त जय कृष्ण यादव ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया. अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति-कौशल, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं.

भाषण प्रतियोगिता में चित्रा कुमारी प्रथम 

भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित, समृद्ध एवं सशक्त भारत की अपनी परिकल्पना प्रस्तुत की. इसमें उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, भागीपुर, आलमनगर की चित्रा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, जोरगामा, मुरलीगंज के सुमित कुमार द्वितीय और उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, नरसिंह बाग, मधेपुरा के बिट्टू कुमार तृतीय स्थान पर रहे.

चित्रकला में आकांक्षा कुमारी ने हासिल किया प्रथम स्थान

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मीरगंज, मुरलीगंज की आकांक्षा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भवानीपुर, कुमारखंड के रोहित कुमार द्वितीय और रियल मॉडर्न पब्लिक स्कूल, बिहारीगंज की रूपम कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का मंच संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त जय कृष्ण यादव ने किया. आयोजन के सफल संचालन में जिला तकनीकी टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा.

समापन अवसर पर पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायक मंडल एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान देने, रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने और उनके भीतर राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल रही.

(रिपोर्ट:- ईमेल) 

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है.... 

Post Bottom Ad

Pages