मधेपुरा: जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में पहचान बनाने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 में प्रतिभागियों की कम भागीदारी ने विद्यालयों में पदस्थापित संगीत एवं कला शिक्षकों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थिति यह है कि आवेदन जमा करने की निर्धारित अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तक जिले के किसी भी प्लस टू विद्यालय ने उत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित नहीं की. वहीं, विभिन्न विधाओं में भाग लेने के लिए कला एवं संस्कृति विभाग को बहुत ही कम आवेदन प्राप्त हुए. प्रतिभागियों की कम संख्या को देखते हुए विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 अक्टूबर कर दी है.
निर्देश के बावजूद विद्यालयों ने नहीं दिखाई रुचि
जानकारी के अनुसार, जिला स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन को लेकर कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पहले ही पत्र जारी किया गया था. इसके बाद जिला शिक्षा विभाग ने भी जिले के सभी विद्यालयों को पत्र भेजकर युवा उत्सव में आवश्यक रूप से भाग लेने और अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद निर्धारित समय तक किसी भी प्लस टू विद्यालय की ओर से भागीदारी सुनिश्चित नहीं की गई. विद्यालयों में संगीत एवं कला शिक्षकों की पदस्थापना के बावजूद सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की भागीदारी सामने नहीं आने से इन शिक्षकों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं. युवा उत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा निखारने तथा उसे सार्वजनिक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं. ऐसे में विद्यालयों की ओर से अपेक्षित पहल नहीं होना चिंता का विषय है. विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में संगीत एवं कला शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है.
कम आवेदन आने पर बढ़ाई गई अंतिम तिथि
विभागीय जानकारी के मुताबिक, युवा उत्सव में भाग लेने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि पहले 15 अक्टूबर निर्धारित की गई थी. लेकिन निर्धारित तिथि तक विभाग को विभिन्न विधाओं में विद्यालयों और स्थानीय कलाकारों की कम भागीदारी को देखते हुए अधिक से अधिक प्रतिभागियों को अवसर देने के उद्देश्य से कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने 15 अक्टूबर की देर शाम आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 अक्टूबर कर दी. तिथि बढ़ाए जाने से इच्छुक प्रतिभागियों को आवेदन जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है. अब विद्यालयों, युवाओं और स्थानीय कलाकारों के पास अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर है. हालांकि, आवेदन की संख्या बढ़ने के साथ विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना भी विभाग के लिए चुनौती होगी.
पांच विधाओं में प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका
जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 के तहत समूह लोक गायन, समूह लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं. युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं को अपनी कला, सांस्कृतिक अभिरुचि और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है. इसके माध्यम से जिले की स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलने और आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हो सकते हैं.
अब भागीदारी बढ़ाने की चुनौती
आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के बाद विभाग ने जिले के सभी पात्र युवाओं, प्लस टू विद्यालयों और स्थानीय कलाकारों से उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है. इच्छुक प्रतिभागियों को 22 अक्टूबर तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा करना होगा. अब देखना होगा कि तिथि बढ़ने के बाद विद्यालयों के संगीत एवं कला शिक्षक विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के लिए कितना प्रोत्साहित कर पाते हैं और युवा उत्सव में जिले की प्रतिभाओं की भागीदारी कितनी बढ़ती है.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









