हथियार और चार गोलियों के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, राहगीरों से लूट की बना रहे थे योजना - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

10 अक्टूबर 2026

हथियार और चार गोलियों के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, राहगीरों से लूट की बना रहे थे योजना

मधेपुरा: जिले में अपराध नियंत्रण और सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने तीन युवकों को अवैध हथियार और चार जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मधेपुरा जिले का एक और सहरसा जिले के दो युवक शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, तीनों सुनसान जगह पर इकट्ठा होकर राहगीरों से हथियार के बल पर लूटपाट करने की योजना बना रहे थे. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात करीब एक बजे सदर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि मधेपुरा-सहरसा मुख्य सड़क पर बैरवा गांव की ओर जाने वाली सड़क के पास तीन अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार और मठाही पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के अरार थाना क्षेत्र के बिसनपुर वार्ड संख्या-5 निवासी दर्शन साह के पुत्र शशि कुमार, सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनियां वार्ड संख्या-2 निवासी विशुन यादव के पुत्र धर्मेन्द्र कुमार और बसनही थाना क्षेत्र के सुथनिया वार्ड संख्या-1 निवासी जयजय राम पासवान के पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है. 
एक देशी कट्टा और चार जिंदा गोलियां बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार धर्मेन्द्र कुमार के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोलियां बरामद की. वहीं, शशि कुमार और पवन कुमार के पास से एक-एक जिंदा गोली मिली. इस तरह पुलिस ने कुल एक देशी कट्टा और चार जिंदा गोलियां बरामद की हैं. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने राहगीरों को हथियार दिखाकर लूटपाट करने की बात स्वीकार की. हालांकि, इस मामले में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी. 

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में मधेपुरा थाना कांड संख्या 1006/26, दिनांक 9 अक्टूबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a, 26 और 35 में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार धर्मेन्द्र कुमार और पवन कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. 

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक विमलेन्दु कुमार, मठाही पुलिस शिविर प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक शिवानी कुमारी, पीटीसी अशोक तिवारी और थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

(रिपोर्ट:- सुनीत साना)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages