मधेपुरा: आगामी दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-14 में पूर्व पार्षद सह सामाजिक कार्यकर्ता ध्यानी यादव की अध्यक्षता में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान पार्क के पीछे शिक्षक राकेश कुमार के घर के सामने गड्ढेनुमा स्थानों पर राबिश डालकर मुहल्लेवासियों के सहयोग से समतलीकरण कराया गया. इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई कर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया. इस मौके पर पूर्व पार्षद ध्यानी यादव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी दीपावली एवं छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. छठ घाट तक जाने वाले श्रद्धालुओं तथा सड़क पर दंडवत प्रणाम करते हुए घाट तक पहुंचने वाले व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सड़कों पर बने गड्ढों में राबिश डालकर समतलीकरण कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अभिषेक रंजन के दिशा-निर्देश पर नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी के नेतृत्व में छठ घाटों की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.अभियान में मुहल्लेवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्थानीय लोगों ने ध्यानी यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुहल्ले की साफ-सफाई और विकास कार्यों में आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है. सामूहिक सहयोग से ही स्वच्छ एवं सुंदर मुहल्ले का निर्माण संभव है. इस अवसर पर सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी अशोक ठाकुर, पूर्व पार्षद प्रत्याशी रवीना कुमारी, सुनील ठाकुर, शिक्षक राकेश कुमार, विमला देवी, शंभु ठाकुर, योगेंद्र ठाकुर, विश्वनाथ ठाकुर, नरेश ठाकुर, सुलोचना देवी, अर्चना देवी, शीला देवी, शांति देवी, उषा देवी, माला देवी, दीपेन मल्लिक, करण मल्लिक, शिक्षक राजा कुमार यादव सहित कई अन्य लोग मौजूद थे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










