मधेपुरा: जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए लोग अक्सर भव्य समारोह आयोजित करते हैं, लेकिन राजद नेत्री, पूर्व वार्ड पार्षद एवं पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी सह भावी मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने अपना जन्मदिन समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कर प्रेरणादायक पहल की. इस अवसर पर उन्होंने सड़क किनारे छायादार एवं ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इसके बाद वे मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-02 स्थित महादलित बस्ती पहुंचीं, जहां जरूरतमंद बच्चों के बीच कॉपी, कलम एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की. उन्होंने बच्चों के साथ केक काटकर और मिठाइयां बांटकर जन्मदिन मनाया. इस दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला. कुमारी विनीता भारती ने कहा कि जन्मदिन केवल अपनी खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारियों को निभाने और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का भी दिन है. एक पौधा लगाकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण का उपहार दिया जा सकता है, वहीं बच्चों को पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराकर उनके बेहतर भविष्य की राह आसान बनाई जा सकती है. उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपने विशेष अवसरों पर गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी मदद करनी चाहिए. बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा और मधेपुरा के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक पहल जारी रखने की बात कही. इस अवसर पर युवा राष्ट्रीय जनता दल, मधेपुरा के सक्रिय कार्यकर्ता रितेश यादव ने कुमारी विनीता भारती को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर पौधरोपण करना और महादलित बस्ती के बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री वितरित करना सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल है. यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक समानता का संदेश देता है. उन्होंने कुमारी विनीता भारती के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल जीवन की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करती रहेंगी.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










