राज्य स्तरीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने किया बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर का दर्शन, जाना धार्मिक महत्व - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

31 अक्टूबर 2026

राज्य स्तरीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने किया बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर का दर्शन, जाना धार्मिक महत्व

मधेपुरा: राज्य स्तरीय विद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लेने जिले पहुंचे विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों को शुक्रवार की देर शाम पर्यटन भ्रमण कराया गया. इस दौरान उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अम्रपाली कुमारी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को कोसी क्षेत्र की प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी बाबा सिंहेश्वर स्थान ले जाया गया. भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और मंदिर की धार्मिक महत्ता एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित हुए. अलग-अलग प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों ने बाबा नगरी के आध्यात्मिक वातावरण और धार्मिक परंपराओं को करीब से जाना. खिलाड़ियों के लिए यह भ्रमण खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त करने का यादगार अवसर रहा. 
इस अवसर पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अम्रपाली कुमारी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति, परंपरा और पर्यटन स्थलों से परिचित कराना भी है. ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ता है और उन्हें स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को जानने-समझने का अवसर मिलता है. गौरतलब है कि खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन, मधेपुरा के सहयोग से 28 से 30 अक्टूबर तक बीपी मंडल नगर भवन (टाउन हॉल), मधेपुरा में राज्य स्तरीय विद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसमें विभिन्न प्रमंडलों के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया. मौके पर स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार, चंदन कुमार, नरेश कुमार, गुलशन कुमार, रत्नेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages