मधेपुरा: राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले स्थानीय कलाकारों के चयन के लिए 11 नवंबर को ऑडिशन आयोजित किया जाएगा. ऑडिशन दोपहर दो बजे से कला भवन, मधेपुरा में होगा. इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आवेदन करने वाले करीब 70 कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. इस संबंध में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि आगामी 18 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवेदन आमंत्रित किए गए थे. इसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 70 कलाकारों ने आवेदन किया है. अब इन कलाकारों की प्रतिभा का आकलन ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा. उन्होंने बताया कि ऑडिशन में सफल होने वाले कलाकारों को महोत्सव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने का अवसर मिलेगा. इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय एवं नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ जिले की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को उचित मंच प्रदान करना है. उन्होंने सभी आवेदित कलाकारों से अपील की कि वे ऑडिशन स्थल पर दोपहर 1: 30 बजे तक पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा दें. ऑडिशन दोपहर दो बजे से शुरू होगा. महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की सहभागिता से सांस्कृतिक कार्यक्रमों को और आकर्षक बनाने के साथ जिले की प्रतिभाओं को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










