सुखासनी का प्रमुख छठ घाट बदहाल, पोखर में बहाया जा रहा गंदा पानी और फेंका जा रहा कचरा - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

10 नवंबर 2026

सुखासनी का प्रमुख छठ घाट बदहाल, पोखर में बहाया जा रहा गंदा पानी और फेंका जा रहा कचरा

उदाकिशुनगंज: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत खाड़ा पंचायत के सुखासनी स्थित प्रमुख छठ घाट इन दिनों बदहाली का शिकार है. पोखर के चारों ओर बसे कुछ घरों से निकलने वाला गंदा पानी, मल-मूत्र, गोबर और कूड़ा-कचरा पोखर में फेंके जाने के कारण इसका पानी पूरी तरह दूषित और दुर्गंधयुक्त हो गया है. लोक आस्था के महापर्व छठ में अब कुछ ही समय शेष है. ऐसे में इसी पोखर में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी धार्मिक आस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. विडंबना यह है कि छठ पर्व के दौरान जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और एसडीआरएफ की तैनाती करता है, लेकिन घाटों की स्वच्छता और पोखर के दूषित पानी की समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता. जबकि छठ जैसे आस्था के महापर्व में स्वच्छता और सुरक्षा दोनों का विशेष महत्व है. 
स्थानीय लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन, खाड़ा पंचायत के जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों और संबंधित अधिकारियों से इस गंभीर समस्या पर अविलंब संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि छठ पर्व से पहले पोखर में गंदा पानी और कूड़ा-कचरा फेंकने पर रोक लगाई जाए. साथ ही पोखर एवं छठ घाट की समुचित सफाई कराकर पानी को स्वच्छ बनाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए. अब सवाल यह उठता है कि जब इस छठ घाट से हजारों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है, तो क्या प्रशासन किसी बड़ी समस्या का इंतजार कर रहा है? जिला प्रशासन को चाहिए कि समय रहते सुखासनी पोखर छठ घाट की सुध ले और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि व्रती एवं श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें. 
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages