राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारियां तेज, आयोजन को सफल बनाने के लिए गठित हुईं तीन समितियां - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

10 नवंबर 2026

राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारियां तेज, आयोजन को सफल बनाने के लिए गठित हुईं तीन समितियां

मधेपुरा: राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव-2026 के भव्य एवं सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के बाद महोत्सव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर काम शुरू कर दिया गया है. जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 18 से 24 नवंबर तक गोशाला परिसर में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय महोत्सव को यादगार बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 से 20 नवंबर तक वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा. वहीं, 22 से 24 नवंबर तक गोशाला परिसर में स्थानीय एवं आमंत्रित ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. महोत्सव के सफल संचालन के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में 22 सदस्यीय संचालन समिति गठित की गई है. कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी को इसका सदस्य सचिव बनाया गया है. समिति में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सामाजिक एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्वों को भी शामिल किया गया है. प्रशासनिक महकमे से जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष को जिम्मेदारी दी गई है. 
वहीं, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से डॉ. भूपेंद्र नारायण यादव मधेपुरी, मनीष सर्राफ, पृथ्वीराज यदुवंशी, डॉ. आरके पप्पू, जय कृष्ण यादव, शौकत अली, सुनीत साना, अमित अंशु एवं रंजना कुमारी को समिति में शामिल किया गया है. जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई है कि समिति आपसी समन्वय के साथ महोत्सव के सभी कार्यक्रमों का सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करेगी. इसके अलावा अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय नियंत्रण कक्ष समिति का गठन किया गया है. इसमें अनुमंडल पदाधिकारी, मधेपुरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मधेपुरा, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा कला शिक्षक अविनाश कुमार को शामिल किया गया है. यह समिति महोत्सव के दौरान सभी व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों पर निगरानी रखेगी. ख्यातिप्राप्त, स्थापित एवं नवोदित कलाकारों के चयन के लिए भी जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय चयन समिति गठित की है. इसमें जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, मधेपुरा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, व्याख्याता अरुण कुमार बच्चन एवं व्याख्याता रीता कुमारी को शामिल किया गया है. 
इस समिति का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्थापित एवं नवोदित कलाकारों को महोत्सव से जोड़ना तथा जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए काम कर रहे प्रतिभावान कलाकारों को उचित मंच प्रदान करना है. कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि चयन समिति ने कलाकारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. महोत्सव में श्रीकृष्ण एवं माधव से जुड़े विषयों पर स्कूली बच्चों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा. इसके साथ ही ख्यातिप्राप्त कलाकारों के चयन की प्रक्रिया भी चल रही है. उन्होंने कहा कि महोत्सव को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में इंद्रधनुषी स्वरूप देने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है. वहीं, विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को संयुक्त रूप से सौंपी गई है. महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. इसके तहत जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग एवं फ्लैक्स लगाए जाएंगे. साथ ही मीडिया और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से भी लोगों को महोत्सव की जानकारी दी जाएगी. राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारियों पर जिलाधिकारी अभिषेक रंजन स्वयं नजर बनाए हुए हैं और समय-समय पर संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ले रहे हैं. संचालन समिति की सदस्य सचिव एवं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने जिलेवासियों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल जिले का गौरव ही नहीं, बल्कि यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं की सौंधी खुशबू को दूर-दूर तक फैलाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages