‘नीतीश संवाद’ को ऐतिहासिक बनाने में जुटी जदयू, गांव-गांव तक चलेगा जनसंपर्क अभियान - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

10 नवंबर 2026

‘नीतीश संवाद’ को ऐतिहासिक बनाने में जुटी जदयू, गांव-गांव तक चलेगा जनसंपर्क अभियान

मधेपुरा: आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस: नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की सफलता को लेकर मंगलवार को मधेपुरा जिला जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से स्थानीय जीवन सदन में तैयारी बैठक आयोजित की गई. बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया. नेताओं ने एक स्वर में दावा किया कि मधेपुरा में यह कार्यक्रम महासफल होगा. बैठक को बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री एवं कार्यक्रम की प्रदेश संयोजक लेशी सिंह, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, विधायक रमेश ऋषिदेव, विधायक निरंजन मेहता, बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. अमरदीप, बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष अशोक कुमार बादल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया. बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार में बदलाव के नायक हैं. उन्होंने वर्ष 2005 से पहले की अराजकता, अंधेरे और जंगलराज को समाप्त कर राज्य में सुशासन की नींव रखी. पहले बिजली का इंतजार करना पड़ता था, जबकि आज बिजली जाती नहीं है. सड़क, पुल, अस्पताल और शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है. महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नीतीश कुमार ने जो काम किया है, उसका उदाहरण स्वतंत्र भारत में दूसरा नहीं है. 
वहीं, ललन सर्राफ ने कहा कि ‘सुशासन दिवस: नीतीश संवाद’ कार्यक्रम केवल सफल नहीं, बल्कि महासफल होगा. बिहार में कोई ऐसा घर नहीं है, जहां नीतीश कुमार का काम नहीं पहुंचा हो. उन्होंने कहा कि महिला रोजगार योजना के तहत एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये मिले हैं. वहीं, एक करोड़ 69 लाख बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है. सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि भी 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई है, जिसका लाभ एक करोड़ 14 लाख लोगों को मिल रहा है. उन्होंने सात निश्चय-2 के तहत 50 लाख से अधिक लोगों को नौकरी एवं रोजगार मिलने तथा सात निश्चय-3 के तहत एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यों को याद करना और नई पीढ़ी तक उनकी जानकारी पहुंचाना जरूरी है. विधायक रमेश ऋषिदेव एवं निरंजन मेहता ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर पूरे बिहार में अभूतपूर्व उत्साह है. मधेपुरा में इसे भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अभी से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. गांव-गांव से लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे. 
बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने कहा कि ‘सुशासन दिवस: नीतीश संवाद’ केवल जदयू का कार्यक्रम नहीं, बल्कि 14 करोड़ बिहारवासियों का त्योहार है. नीतीश कुमार ने बिहार को उसका पुराना गौरव लौटाया है. आज बिहारी कहलाने में लोगों को गर्व महसूस होता है. इसलिए इस दिन को ऐतिहासिक और यादगार बनाना सभी की जिम्मेदारी है. बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष एवं जिला कार्यक्रम प्रभारी अशोक कुमार बादल ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इसे जिला स्तर के साथ-साथ प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक आयोजित किया जाएगा. इसके तहत 17 से 19 नवंबर तक सभी पंचायतों में ‘नीतीश सुशासन परिचर्चा’ होगी, जबकि 20 से 22 नवंबर के बीच सभी प्रखंडों में तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गुड्डी देवी ने की, जबकि संचालन जिला मुख्य प्रवक्ता नरेश पासवान ने किया. मौके पर समाजसेवी एवं साहित्यकार डॉ. भूपेंद्र मधेपुरी, नगर परिषद की मुख्य पार्षद कविता कुमारी साह, बिजेंद्र नारायण यादव, महेंद्र पटेल, सत्यजीत यादव, बीबी प्रभाकर, डॉ. नीरज कुमार, अशोक चौधरी, प्रो. मनोज भटनागर, सियाराम यादव, युगल पटेल, शैलेंद्र प्रसाद यादव, अमोल साह, ललिता जायसवाल, आशीष सिंह, रतन सिंह, सुजित मेहता, निखिल यादव, मो. शकीबुर्रहमान बाबुल, रामशंकर कुमार उर्फ पप्पू झा सहित पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, जिला कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages