गंदे नाले का पानी नदी में, बदबूदार हुआ भीरखी नवटोलिया छठ घाट - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

10 नवंबर 2026

गंदे नाले का पानी नदी में, बदबूदार हुआ भीरखी नवटोलिया छठ घाट

मधेपुरा: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिलेभर में घाटों की साफ-सफाई और तैयारियां तेज हैं, लेकिन मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों में शामिल भीरखी नवटोलिया छठ घाट की बदहाल स्थिति ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घाट के समीप बहने वाली नदी में शहर के गंदे नाले का पानी सीधे गिराए जाने से नदी का पानी दूषित हो गया है. नदी से लगातार उठ रही दुर्गंध के कारण छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. छठ महापर्व के दौरान इसी नदी में श्रद्धालु स्नान कर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. ऐसे में नदी में गंदे और बदबूदार पानी का लगातार प्रवाह श्रद्धालुओं की आस्था और स्वास्थ्य दोनों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ जैसे पवित्र पर्व से पहले घाट और नदी की सफाई को लेकर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए. समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुनीत साना ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने नदी में गिर रहे गंदे पानी को रोकने तथा नाले के पानी के निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की. 
अक्षय कुमार ने भी नगर परिषद से नदी में नाले का पानी गिराने पर रोक लगाने और जल की सफाई के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा. वहीं, आरएसएस के बस्ती प्रमुख गणेश पीटर ने भी भीरखी छठ घाट की तस्वीर साझा कर सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में छठ महापर्व कैसे संपन्न होगा. उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर आम लोगों से भी आवाज उठाने की अपील की.स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ महापर्व हर वर्ष आता है, इसके बावजूद नदी की स्वच्छता और घाट की स्थायी व्यवस्था के लिए समय रहते ठोस पहल नहीं की जाती. अब लोगों की नजर नगर परिषद और जिला प्रशासन पर है कि छठ से पहले गंदे पानी के प्रवाह को रोकने और घाट को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित व स्वच्छ बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं. नगर परिषद मधेपुरा के कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी से इस संबंध में फोन के माध्यम से जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी कार्यपालक पदाधिकारी कॉल रिसीव करना मुनासिब नहीं समझा. 
(रिपोर्ट:- गरिमा उर्वशी) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages