सदर अस्पताल के दलाल को रंगे हाथ पकड़कर किया पुलिस के हवाले - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

11 मार्च 2020

सदर अस्पताल के दलाल को रंगे हाथ पकड़कर किया पुलिस के हवाले

मधेपुरा
मरीजों को बहका कर सदर अस्पताल से निजी क्लीनिक पर भेजने का एक दलाल को आमजनों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया गया कि गम्हरिया बाजार में एक टेम्पो के पलटने से तीन व्यक्ति जख्मी हो गए. जिसमें एक महिला नीलम देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए गम्हरिया पीएचसी के डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

सदर अस्पताल में परिजनों ने डॉक्टर से दिखाकर मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया. इधर अस्पताल में घूम रहे दलाल ने मरीज को अपने एक ऑटो में बैठा लिया और कोशी हॉस्पिटल लेकर पहुंच गए. इधर परिजन घायल महिला को दवा दिलाने के लिए सदर अस्पताल में खोजते रहे. काफी खोजबीन के बाद पता चला कि दलाल ने उक्त मरीज को एक निजी कोशी हॉस्पिटल में पहुंचा दिया.

इधर सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के पास घूम रहे एक दलाल को परिजन और अन्य लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने दलाल और दलाल को पकड़ने वाले युवक परिजन को भी पकड़कर अपने साथ थाना ले गई. परिजन पवन कुमार ने बताया कि उन्होंने दलाल को अस्पताल से मरीज को ले जाते हुए देख पहचान लिया.

दलाल के पकड़े जाने पर जब पुलिस को बुलाया गया तो पुलिस दलाल के साथ उक्त व्यक्ति को भी पकड़कर थाना ले गई. शहर के वार्ड नं. 3 के सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्र कुमार ने बताया कि डॉ. पवन इलाज करने के बाद मरीज नीलम देवी को बिना रेफर किये दलाल के साथ निजी क्लीनिक भेज दिए. जब मरीज का इलाज करने को कहा तो उनसे बदसलूकी भी की.

 उन्होंने कहा कि डॉक्टर गंभीर मरीजों का सदर अस्पताल में सही ढंग से इलाज न कर उसे निजी क्लीनिक भेज कर गरीब लोगों का शोषण किया करते हैं. सदर थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि परिजन के लोगों और कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है. मामले की छानबीन की जा रही है. जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट:- रीपू राज आनंद) 

Post Bottom Ad

Pages