डेस्क : बिहार में अब लोगों को एक क्लिक पर सारी सूचनाएं आसानी से उपलब्ध हो जाएगी। सरकार ने इसके लिए नया इंटीग्रेटेड वेबसाइट लांच किया है। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग की ओर से बनाई गई राज्य सरकार की नई कॉमन इंटीग्रेटेड वेबसाइट state.bihar.gov.in का लोकार्पण रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया।
इस पर सभी विभागों की सूचनाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सूचनाएं एक जगह एकत्रित होने से लोगों को जानकारी मिलने में सुविधा होगी। सभी विभागों के कार्यकलापों की अद्यतन जानकारी और सूचनाएं एक साथ मिल सकेंगी। राज्य सरकार की नई कॉमन इंटीग्रेटेड वेबसाइट पर सूचनाओं का अपडेशन सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग एवं संबंधित विभाग दोनों द्वारा किया जा सकेगा। बताया गया कि यह एक डायनामिक वेबसाइट है।
यह वेबसाइट अन्य किसी पर निर्भर नहीं है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग को बधाई दी है। कहा कि सभी विभाग इस वेबसाइट का उपयोग करें एवं अपने विभाग से संबंधित सूचनाओं को इस पर नियमित रूप से अपडेट करें।









