डेस्क : भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व सिंहेश्वर विधानसभा प्रभारी पूर्व मुखिया चंद्रहास चौपाल अपने दर्जनों सहयोगियों के साथ शनिवार को राजद में शामिल हो गए।
इससे मधेपुरा में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। चंद्रहास चौपाल ने पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के समक्ष राजद की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान फ्रेंड्स ऑफ तेजस्वी के प्रदेश संयोजक संदीप यादव, प्रदेश महासचिव कंतलाल शर्मा, ज्ञानसागर दास, गोविंद दास तांती, राम चौपाल, राजीव दास व अन्य मौजूद थे।
यह जानकारी राजद के प्रदेश महासचिव ई. प्रभाष ने मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि भाजपा और जदयू के शीर्ष नेतृत्व लोगों को भाषण देकर पेट भरने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन उन्हें मालूम होना चाहिए कि भाषण नहीं, लोगों का पेट राशन से भरता है। धीरे-धीरे भाजपा-जदयू के कार्यकर्ताओं का उनकी पार्टी से विश्वास उठते जा रहा है।
आने वाले दिनों में राजद और सशक्त होगा। वहीं फ्रेंड्स ऑफ तेजस्वी के प्रदेश संयोजक संदीप यादव ने कहा कि भाजपा-जदयू वाले भले ही कितना भी भ्रम फैला ले, आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता उन्हें मुंहताेड़ जवाब देगी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी।











