स्वर्ण जयंती की शुरुआत रक्तदान से, प्राचार्य ने अंगदान का लिया संकल्प - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

6 अक्टूबर 2026

स्वर्ण जयंती की शुरुआत रक्तदान से, प्राचार्य ने अंगदान का लिया संकल्प

मधेपुरा: भूपेंद्र नारायण मंडल वाणिज्य महाविद्यालय ने अपने स्वर्ण जयंती वर्ष की शुरुआत सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम के साथ की. मंगलवार को महाविद्यालय के सभागार में एनएसएस के तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. शिविर में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया. शिविर में कुल आठ यूनिट रक्त संग्रह किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष की शुरुआत रक्तदान जैसे महादान से होना महाविद्यालय के सामाजिक दायित्व को दर्शाता है. उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान के साथ लोगों को अंगदान के प्रति भी जागरूक होने की जरूरत है. उन्होंने स्वयं स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर अंगदान करने की घोषणा कर लोगों को इसके लिए प्रेरित किया. 
सदर अस्पताल के चिकित्सक सह शिविर के मुख्य अतिथि डॉ. अनुज कुमार ने कहा कि जिले में थैलेसीमिया के 62 मरीज हैं, जिन्हें नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है. इसके अलावा प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव होने पर प्रसूताओं को तत्काल रक्त उपलब्ध कराना जरूरी होता है. रक्त की कमी की स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने महाविद्यालय की ओर से स्वेच्छा से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने को सराहनीय पहल बताया. हिंदी विभाग की अध्यक्ष सह सीनेट सदस्य डॉ. शेफालिका शेखर ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है. एक व्यक्ति का रक्तदान किसी दूसरे व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है. एनएसएस पदाधिकारी डॉ. प्रभाकर कुमार ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाविद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग से शिविर सफल रहा. इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार अनल, डॉ. रविशंकर, डॉ. निरंजन कुमार निराला, सत्यम कुमार सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारियों ने रक्तदान किया.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages