मधेपुरा: तीसरे चरण में जिले के चार विधानसभा सीटों के लिए होने वाले मतदान में अब काफी कम समय बचा है. मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दिया है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में प्रचार वाहनों के शोर के बीच प्रत्याशी गांव-गांव में पहुंचकर जनसंपर्क अभियान पर जोर दे रहे हैं.
आगामी सात नवंबर को जिले के चार विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा. आयोग के निर्देश के अनुसार पांच नवंबर की शाम पांच बजे सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा. चुनाव प्रचार की समय सीमा समाप्त होने की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, निर्दलीय प्रत्याशी से लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार चुनाव प्रचार को गति देने में लगे हैं. सुबह से रात के दस बजे तक प्रचार वाहन गांवों में घूम रहे हैं. साथ ही प्रत्याशी अथवा उनके दल के पदाधिकारी व निष्ठावान कार्यकर्ता गांव-गांव में धूम कर मतदाताओं से वोट देने की अपील करने में जुट गए हैं. इस बीच प्रत्याशियों के समर्थन में हर दिन जनसभाओं के अलावा नुक्कड़ सभा आदि का आयोजन किया जा रहा है. इस विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रचार का अलग-अलग रंग दिख रहा है.
चुनाव मैदान में उतरे कई प्रत्याशी अपने कार्यकर्ताओं के साथ गांवों में पहुंचने के बाद पैदल ही प्रत्येक घर का दरवाजा खटखटा रहे हैं. कई प्रत्याशियों ने प्रचार वाहन को अपना बड़ा हथियार बनाया है. हिदी व भोजपुरी गीतों की धुन पर बनाए गए गीत की रिकार्डिंग बजाकर मतदाताओं को रिझाने की कोशिश में प्रत्याशी जुटे हैं. कई प्रत्याशी इंटरनेट का भी सहारा ले रहे हैं. वे फेसबुक पर अपने मित्रों से उनके पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं. तो कोई फोन कॉल कर अपने पक्ष में मतदान करने के लिए मतदाताओं से अपील कर रहे हैं.
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











