मधेपुरा: रक्तदान के क्षेत्र में वन आवर एक प्रयास जरूरतमंदों को लगातार रक्त मुहैया कराने में लगी है. इसी कड़ी में बुधवार को थैलेसीमिया से पीड़ित दो बच्चे जिनका ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव था, रक्त के लिए परेशान थे. इसकी जानकारी जब वन आवर एक प्रयास की कोसी प्रमंडल अध्यक्ष शिखा कुमारी को हुई उन्होंने तत्क्षण रक्त दाताओं को तलाशने की कवायद शुरू कर दी और वन आवर एक प्रयास संस्था के ही सदस्य द्वय, राकेश विश्वास व अशद काजमी ने रक्तदान के लिए अपनी सहमति जताई.
और सदर अस्पताल ब्लड बैंक पहुंच कर रक्तदान किया. मानवता के लिए काम करने वाली संस्था की कोसी प्रमंडल अध्यक्षा शिखा कुमारी ने बताया, बच्चे में थैलिसीमियां का संक्रमण रोका जा सकता है, बशर्ते माता- पिता वक्त रहते, अपनी जांच करवाएं. गर्भधारण से 12 हफ्ते तक अगर माता पिता के थैलेसिमिया वाहक होने का पता चल जाए, तो डॉक्टर की सलाह से इसका इलाज किया जा सकता है.
रक्तवीर द्वय ने कहा कि अगर मेरे 1 यूनिट रक्त से किसी बच्चे को जीवन मिल सकता है तो मैं सौभाग्यशाली हूं. रक्तदान करके अच्छा लगता है जब किसी जरूरतमंद को हमारा रक्त काम आए तो हमें खुशी मिलती है. उन्होंने आगे भी रक्तदान करने की इच्छा जताई है. संस्था के सचिव सोनू सरकार व सदस्य धीरज कुमार ने बताया कि कि थैलिसिमिया से पीड़ित दो बच्चे प्रेम कुमार उम्र 3.5वर्ष व सक्षम कुमार 4 वर्ष के लिए रक्तदान हुआ.
उन्होंने परिजनों को रक्त सौंपते हुए रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने की भी बात बताई. धीरज ने कहा कि रक्त की कोई कमी नहीं रहेगी बशर्ते लोग पूर्णतः रक्तदान के प्रति जागरूक हो जाएं. मौके पर रक्त अधिकोष के राज कुमार पूरी, रेणु कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









