मधेपुरा: कोरोना संक्रमण से बचने के लिए बिहार सरकार का बड़ा फैसला आया है. 12 अप्रैल तक सभी शिक्षण संस्थान, कोचिंग संस्थान आदि बंद रखने के आदेश दिए गए हैं. सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना जरूरी होगा. कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कड़ाई के साथ-साथ जागरुकता पर भी जोर दिया जा रहा है. जिले में कोरोना फिर से लोगों में चिंता का कारण बन रहा है.
ऐसे में शनिवार को जिलाधिकारी श्याम बिहारी मीणा एवं एसपी योगेन्द्र कुमार के नेतृत्व में शहर में मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान अफसर स्वयं सख्ती करने के लिए सड़कों पर उतरे. कुछ क्षेत्रों में राहगीरों के पास मास्क न होने के कारण उनकी गलती और लापरवाही का अहसास कराने के लिए चालान काटकर जुमार्ना भी वसूला गया. बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए अब जिला प्रशासन की सख्ती भी नजर आने लगी है. शनिवार को शहर भर में फेस मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान बिना मास्क के लोगों को पुलिसकर्मियों ने कड़ी नसीहत देते हुए कार्रवाई की.
शहर के बस स्टैंड चौक, कॉलेज चौक, मस्जिद चौक, अस्पताल चौक, थाना चौक, सुभाष चौक, बड़ी दुर्गा मंदिर चौक, पूर्णिया गोला चौक, कर्पूरी चौक, स्टेशन चौक आदि स्थानों पर जिला प्रशासन ने अभियान चलाकर खास तौर पर बिना मास्क के पाये गये लोगों को रोककर स्वास्थ्य के प्रति बरती जा रही घोर लापरवाही को लेकर सचेत किया.
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











