डेस्क: मुजफ्फरपुर में एक आरोग्य केंद्र की संचालिका द्वारा जमा रुपए मांगने पर अपने सेल्समैन की हत्या कर देने का मामला प्रकाश में आया है. मृतक हरीश रंजन (26) मधेपुरा जिले के मुरलीगंज का रहने वाला था और मुजफ्फरपुर में अघोरिया बाजार चौक स्थित आरोग्य केंद्र में बतौर सेल्समैन काम करता था. हरीश रंजन आरोग्य केंद्र के संचालक संजय मिश्रा के घर पर ही किराए में रहता था. संजय मिश्रा का घर कच्ची पक्की के इंदिरा कॉलोनी में अवस्थित है. संजय की पत्नी रूपम आरोग्य केंद्र का संचालन करती है. सोमवार की देर शाम हरीश रंजन का शव घर के पीछे देखा गया.
स्थानीय लोगों ने मकान मालिक को इसकी सूचना दी. आनन-फानन में उसे उठाकर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस मामले में मृतक के भाई मनीष रंजन ने बताया है कि हरीश बहन की शादी के लिए रूपम मिश्रा के पास रुपये जमा करता था. रुपए वापस मांगने पर दोनों के बीच पिछले दिनों विवाद हुआ था. इस पर उनके भाई राजा पाठक ने फोन कर धमकी भी दी थी. मृतक के भाई मनीष रंजन ने बताया कि 2013 से ही हरीश संजय मिश्रा के घर पर रहता था और उसी समय से रुपए रूपम के पास जमा करता था.
पैसे मांगने पर उसे अंजाम भुगतने की धमकी भी भी जा चुकी थी. मनीष ने साफ-साफ कहा है कि हरीश की हत्या की गई है. यदि ऐसा नहीं है तो घटना के बाद से रूपम और संजय मिश्रा और उसका भाई राजा पाठक सब फरार क्यों है. इस मामले में मेडिकल ओपी में मनीष रंजन के बयान पर केस दर्ज किया गया है. ओपी प्रभारी सदरे आलम ने बताया है कि मनीष के बयान पर कांड दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है. सदर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है क्योंकि घटना स्थल सदर थाना इलाके में पड़ता है.
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











