ग्वालपाड़ा: प्रखंड की 12 पंचायतों में हुए मतदान की मंगलवार को टीपी कालेज स्थित बज्रगृह में मतगणना हुई. मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई. मतगणना को लेकर सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था की गई थी. यहां भी नए नये चेहरे को मतदाताओं ने अपना मत दिया है. 12 पंचायतों में 11 नए मुखिया जीतकर आए हैं. मात्र एक पंचायत विषबारी के मुखिया काजल कुमारी अपनी सीट बचाने में सफल रहीं. खोकसी पंचायत में इस बार मुखिया नीलू सिंह के बदले उसके पति शैलेश सिंह मैदान में थे.
उन्हें भी जीत मिली है. मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ लगी रही. जीत की खबर पर समर्थक अबीर-गुलाल लगाकर खुशिया मनाई. फूल माला की दुकानों पर भी भीड़ रही. मतगणना संपन्न होने के बाद हारे हुए प्रत्याशियों के चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही थी वहीं जीते हुए युवा जनप्रतिनिधियों के चेहरे पर खुशी का ठिकाना नहीं था. बता दें कि ग्वालपाड़ा प्रखंड के टेमा-भेला पंचायत से विजय कुमार बिमल की मुखिया पद के लिए मात्र एक मत से जीत हुई. जिसके बाद उसके चेहरे पर खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
वह यही नहीं समझ पा रहे थे की इस जीत की खुशी किस तरह मनाऊ. भावुक स्वर में उन्होंने कहा मैं पंचायत के सभी जनता का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया. जीते हुए मुखिया प्रत्याशी विजय कुमार बिमल को 1438 मत एंव सुनील कुमार को 1437 मत मिले हैं, जबकि तीसरे स्थान पर रहे आमोद कुमार मुन्ना को 1336 मत प्राप्त हुए हैं.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....








