सहयोग पोर्टल की शिकायत पर एक्शन, +2 स्कूल को मिली 120 अतिरिक्त सीटें - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

5 जून 2026

सहयोग पोर्टल की शिकायत पर एक्शन, +2 स्कूल को मिली 120 अतिरिक्त सीटें

दरभंगा: जिले के बेनीपुर प्रखंड स्थित महिनाम गांव के +2 उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के लिए अच्छी खबर है. सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायत और स्थानीय मांग के बाद अब विद्यालय में इंटर कला संकाय की 120 अतिरिक्त सीटें स्वीकृत कर दी गई हैं. जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा द्वारा जारी प्रतिवेदन के अनुसार, महिनाम पोहद्दी +2 उच्च विद्यालय, बेनीपुर में इंटर कला संकाय में पहले से स्वीकृत 120 सीटों के अलावा 120 नई सीटों की वृद्धि की गई है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना ने पत्रांक-468, दिनांक 21 अप्रैल 2026 के माध्यम से सत्र 2026-28 के लिए इन सीटों को मंजूरी दी है. 


गौरतलब है कि गांव निवासी राजन कुमार झा ने सहयोग पोर्टल पर आवेदन देकर विद्यालय में सीटों की कमी और नामांकन में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया था. आवेदन में क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के साथ विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाने और सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने की मांग भी रखी गई थी. डीईओ ने प्रतिवेदन में कहा कि माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक मानकों की उपलब्धता की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अतिरिक्त सीटों की स्वीकृति से महिनाम और आसपास के गांवों के सैकड़ों विद्यार्थियों को अब घर के पास ही इंटर में नामांकन का मौका मिल सकेगा. इससे दूरदराज के विद्यालयों में भटकने की मजबूरी भी कम होगी. स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने सीट वृद्धि के फैसले पर खुशी जताई है और शिक्षा विभाग का आभार जताया है.

(रिपोर्ट:- ईमेल)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages