मधेपुरा: स्थानीय कलाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से कला एवं संस्कृति विभाग ने कलाकार पंजीयन पोर्टल की शुरुआत की है. पोर्टल के प्रचार-प्रसार को लेकर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिले के कलाकारों से पंजीकरण कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मधेपुरा कला एवं संस्कृति की दृष्टि से समृद्ध जिला है. यहां संगीत, वादन, नृत्य, नाटक, चित्रकला, शिल्पकला सहित विभिन्न विधाओं से जुड़े प्रतिभाशाली कलाकार मौजूद हैं. कलाकारों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से जिले के कलाकारों को डिजिटल पहचान मिलेगी. साथ ही वे विभिन्न सरकारी योजनाओं, पुरस्कारों और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ सकेंगे. इससे स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. पोर्टल पर कलाकारों की जानकारी उनकी विधा के अनुसार दर्ज की जाएगी. पंजीकरण स्वीकृत होने के बाद प्रत्येक कलाकार को एक विशिष्ट पहचान संख्या प्रदान की जाएगी, जो सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी के लिए आवश्यक होगी. शास्त्रीय संगीत, नृत्य, गायन, नाटक, ललित कला, लोक कला, लोक नृत्य, मूर्तिकला सहित विभिन्न विधाओं से जुड़े कलाकार https://artistregistration.bihar.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं. जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने जिले के सभी कलाकारों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराएं. पंजीकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










