मधेपुरा: आगामी 18 से 24 नवंबर तक गोशाला परिसर में आयोजित होने वाले राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मंगलवार शाम पांच बजे तक प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद बुधवार को कला भवन में आठ सदस्यीय चयन समिति ने दोपहर दो बजे से ऑडिशन लिया. देर शाम तक चली इस प्रक्रिया में सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया. कलाकारों के चयन के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय चयन समिति गठित की गई है. ऑडिशन के दौरान समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से मूल्यांकन किया. चयन प्रक्रिया में प्रस्तुति की गुणवत्ता, विषयवस्तु और सांस्कृतिक जुड़ाव पर विशेष ध्यान दिया गया. संचालन समिति की सदस्य सचिव सह जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि आवेदन आमंत्रित कर ऑडिशन के माध्यम से कलाकारों का चयन करने का उद्देश्य प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और नवोदित प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के मंच पर जिले की अधिक से अधिक प्रतिभाओं को अवसर मिले. चयन समिति ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि प्रस्तुतियां भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्रसंगों अथवा क्षेत्र की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत पर आधारित होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें करीब तीन दर्जन आवेदन लड़कियों के हैं. विधा के अनुसार सर्वाधिक 42 आवेदन गायन और 13 आवेदन नृत्य के लिए प्राप्त हुए हैं. मुख्यालय के कलाकारों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभागियों में भी महोत्सव में भागीदारी को लेकर खासा उत्साह देखा गया. चयन समिति के सदस्य एवं व्याख्याता अरुण कुमार बच्चन ने बताया कि ऑडिशन के दौरान अधिकांश प्रस्तुतियां कृष्णलीला से संबंधित थीं. समिति के सदस्यों ने कहा कि इस पहल से न केवल नवोदित कलाकारों को मंच मिलेगा, बल्कि सुदूर क्षेत्रों में कला एवं संस्कृति को संरक्षित कर रहे प्रतिभावान कलाकारों को भी सामने आने का अवसर मिलेगा. ऑडिशन के दौरान अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में गठित चयन समिति के सदस्य भू-अर्जन पदाधिकारी अमन कुमार सुमन, जिला नजारत उप समाहर्ता कुमार उमाशंकर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शंकर शरण, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी और व्याख्याता अरुण कुमार बच्चन उपस्थित रहे. इस अवसर पर आम्रपाली कुमारी ने महोत्सव को यादगार बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन जिले की पहचान बने, यही सभी का सामूहिक ध्येय होना चाहिए. ऑडिशन की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में संचालन समिति के सदस्य सुनीत साना और अमित अंशु की अहम भूमिका रही. कार्यक्रम का संयुक्त संचालन अरुण कुमार एवं गौरी शंकर कुमार ने किया.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










