इधर, नवटोलिया छठ घाट पर नाले का गंदा पानी बहकर आने से उत्पन्न हो रही समस्या को लेकर भी पहल की गई है. स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, छठ पर्व के मद्देनजर 13 नवंबर से 16 नवंबर तक संबंधित नाले को पूरी तरह बंद रखा जाएगा, ताकि घाट और उसके आसपास गंदा पानी जमा न हो तथा छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. इसके अलावा घाट के आसपास के निचले एवं असमतल हिस्सों में मिट्टी भरकर जमीन को समतल करने की बात भी कही गई है. इससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने तथा पूजा-अर्चना के दौरान सहूलियत होगी. हालांकि, इन व्यवस्थाओं को निर्धारित समय पर पूरा कराना संबंधित विभागों के लिए चुनौती होगी. स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि प्रशासन केवल निरीक्षण और निर्देश तक सीमित न रहे, बल्कि समय रहते सभी कार्यों को धरातल पर पूरा कराए. निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. दोनों वरीय अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और तत्परता के साथ काम करते हुए छठ महापर्व की तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों से निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा लोक आस्था के महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










