सहरसा निवासी आकाश कुमार ने बताया कि वह छठ मनाने के लिए घर आए थे. साल में एक बार परिवार के साथ त्योहार मनाने का अवसर मिलता है. अब उन्हें वापस दिल्ली जाना है, लेकिन सहरसा से दिल्ली का टिकट नहीं मिल पाया. ऐसे में वह पहले पटना जा रहे हैं, जहां से किसी तरह दिल्ली की ट्रेन पकड़ने की कोशिश करेंगे. नवहट्टा निवासी विक्की कुमार भी दिल्ली के आसपास मजदूरी करते हैं. उन्होंने बताया कि दुर्गापूजा, दीपावली और छठ परिवार के साथ मनाने के बाद अब काम पर लौटना जरूरी है. काम नहीं करेंगे तो परिवार का भरण-पोषण कैसे होगा. वहीं, दिल्ली में पढ़ाई करने वाले रौशन कुमार ने बताया कि पटना से आगे जाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत के बाद टिकट मिल पाया. सिमरी बख्तियारपुर निवासी रवि कुमार पटना में पढ़ाई करते हैं. मंगलवार को किताब, कपड़े और कंबल लेकर वह राज्यरानी एक्सप्रेस में खड़े होकर पटना जा रहे थे. ट्रेन में कोटा, दिल्ली और बनारस जाने वाले भी बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, जो पटना पहुंचकर आगे की ट्रेन पकड़ने की तैयारी में थे.
स्पेशल ट्रेन के बावजूद राज्यरानी में उमड़ी भीड़यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मंगलवार सुबह सहरसा से पटना साहिब के लिए स्पेशल ट्रेन (पी/18923) का परिचालन किया. यह ट्रेन राज्यरानी एक्सप्रेस से पहले रवाना हुई, लेकिन इसमें अपेक्षाकृत कम यात्री सवार हुए. इसके विपरीत राज्यरानी एक्सप्रेस में भारी भीड़ बनी रही. रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटरों पर भी यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. छठ के बाद हर साल सामने आने वाली यह तस्वीर एक बार फिर त्योहारों के दौरान बिहार से बाहर काम करने वाले प्रवासियों की बड़ी संख्या और उनकी रेल यात्रा की मुश्किलों को उजागर कर रही है. परिवार के साथ कुछ दिन बिताने के बाद रोजी-रोटी और भविष्य की पढ़ाई के लिए लौट रहे लोगों के लिए कन्फर्म टिकट और सुरक्षित यात्रा बड़ी चुनौती बनी हुई है.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











