मथुरा के कलाकार करेंगे भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

17 नवंबर 2026

मथुरा के कलाकार करेंगे भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन

मधेपुरा: राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. महोत्सव के तहत बुधवार 18 नवंबर से 20 नवंबर तक गोशाला परिसर में मथुरा से आए कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भव्य मंचन किया जाएगा. इसको लेकर मंगलवार देर शाम तक संबंधित पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे. जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के बाद महोत्सव से जुड़े सभी प्रभारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में सक्रिय हैं. संचालन समिति के अध्यक्ष ने भी पूर्व में आयोजित बैठक में सभी प्रभारियों को सौंपे गए दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था. कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह आयोजन समिति की सदस्य सचिव आम्रपाली कुमारी ने बताया कि 18 से 24 नवंबर तक गोशाला परिसर में राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. 
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहले तीन दिनों तक मथुरा से आए देश के प्रसिद्ध कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित कृष्णलीला का मनमोहक मंचन करेंगे. आम्रपाली कुमारी ने बताया कि कृष्णलीला के मंचन को लेकर मंच, पंडाल और सजावट सहित अन्य आवश्यक तैयारियां मंगलवार देर शाम तक लगभग पूरी कर ली गई हैं. कलाकारों की सुविधाओं के साथ-साथ दर्शकों की सहूलियत का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि कार्यक्रम का आयोजन व्यवस्थित एवं आकर्षक तरीके से हो सके. आयोजन समिति की सदस्य सचिव आम्रपाली कुमारी ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में गोशाला परिसर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित मंचन का आनंद लेने की अपील की है. उन्होंने बताया कि तैयारियों पर जिलाधिकारी अभिषेक रंजन एवं संचालन समिति के अध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त लगातार नजर बनाए हुए हैं. उनके द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages