नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगा मंच - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

18 नवंबर 2026

नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगा मंच

मधेपुरा: शहर के श्रीकृष्ण गौशाला परिसर में 18 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव-2026 की तैयारियों को जिला प्रशासन ने अंतिम रूप दे दिया है. महोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन 22 नवंबर को बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार करेंगे। इस अवसर पर बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. संचालन समिति की सदस्य सचिव सह जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बुधवार की शाम महोत्सव का आमंत्रण पत्र जारी करते हुए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी अभिषेक रंजन के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता के मार्गदर्शन में महोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं. कार्यक्रम में मधेपुरा और सुपौल के सांसद दिनेश चंद्र यादव एवं दिलेश्वर कामत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वहीं सदर विधायक प्रो. चंद्रशेखर, सिंहेश्वर विधायक प्रो. रमेश ऋषिदेव, बिहारीगंज विधायक निरंजन कुमार मेहता तथा विधान पार्षद डॉ. एनके यादव, डॉ. संजीव सिंह, ललन सर्राफ एवं डॉ. अजय सिंह सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. इसके अलावा कोसी प्रमंडल के आयुक्त दिनेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. कुमार आशीष की भी उपस्थिति रहेगी. आम्रपाली कुमारी ने बताया कि 18 से 20 नवंबर तक प्रतिदिन शाम छह बजे से मथुरा के कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा. जिलेवासी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का आनंद उठा सकेंगे. 
महोत्सव से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास

कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार महोत्सव में शामिल होने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों, शहर के विशिष्ट नागरिकों, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, प्रेस प्रतिनिधियों तथा कोसी प्रमंडल के अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रण पत्र भेजा जाएगा. महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार कर समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना जिला प्रशासन का उद्देश्य है. 

स्नेह उपाध्याय, हर्षप्रीत कौर और देवाशीष दास गुप्ता होंगे मुख्य आकर्षण

महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौर ने बताया कि 22, 23 और 24 नवंबर को प्रतिदिन शाम पांच बजे से रात दस बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. प्रत्येक दिन पहले सत्र में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. उन्होंने बताया कि पहले दिन प्रसिद्ध गायिका स्नेह उपाध्याय, दूसरे दिन सारेगामापा फेम हर्षप्रीत कौर तथा अंतिम दिन ख्यातिप्राप्त पार्श्व गायक देवाशीष दास गुप्ता अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. इन नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियां महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होंगी. जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर इसे सफल बनाएं. जिला प्रशासन की ओर से आयोजन को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं.

(रिपोर्ट:- ईमेल)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages